
बिना दहेज की शादी,एक रुपये और नारियल में दुल्हन को घर लाए
चूरु- 1 दिसम्बर। शहर के वार्ड नं 3 निवासी व सातड़ा राजकीय विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्यनारायण सैनी ने बेटे नितेश सैनी की शादी बिना दहेज कर मिसाल पेश की है। दुल्हन पक्ष से सिर्फ एक रुपए नारियल लेकर पूरी शादी कर समाज में संदेश दिया है।
तारानगर निवासी जुगलकिशोर सैनी की पुत्री पूजा से बेटे नितेश की शादी हुई। दूल्हा नितेश इंजीनियर और दुल्हन पूजा भी एमएससी,बीएड है। सत्यनारायण सैनी ने बताया कि शादियों में दहेज की कामना रखने वालों को संदेश देने के लिए ये पहल की है। बहू के रूप में कन्या धन की प्राप्ति होने के बाद दहेज कोई मायने नहीं रखता। बदलते दौर में दहेज प्रथा एक बड़ी बुराई है। इन्हीं विचारों को जीवन में अपनाते हुए बिना दहेज के शादी की है। बेटे नितेश ने बताया कि उसे खुशी है कि शादी बिना दहेज हुई। आज देशभर में कहीं न कहीं कन्याओं पर ‘दहेज’ की कामना को लेकर अत्याचार हो रहे हैं, हजारों-लाखों घर यूं ही फिजूल के दिखावे में बर्बाद हो रहे हैं। नितेश व पूजा ने युवाओं से अपील की है कि वो दहेज जैसी कुप्रथा को समाज से खत्म करें।



