
बालू,जमीन एवं शराब माफियाओं को सत्ता पक्ष और विपक्ष का संरक्षण: पप्पू यादव
पटना- 20 फरवरी। जाप राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि बिहार की जनता बालू माफिया, शराब माफिया और जमीन माफियाओं के आतंक से कराह रही हैं। इन माफियाओं को सत्तापक्ष और विपक्ष का समर्थन प्राप्त हैं। गया की घटना बहुत ही शर्मनाक और क्रूर हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना की जितनी भी निंदा की जाए कम होगी। पुलिस प्रशासन माफियाओं के इशारे पर सैकड़ों महिला, वृद्ध और नाबालिक लड़कियों को हाथ-पैर बांधकर पिटाई करती है। इतनी बड़ी घटना के बाद भी सत्ता पक्ष और विपक्ष ने नेताओं के कान में जूं तक नहीं रेंग रही। इससे शर्मनाक बात और क्या हो सकती है।
पप्पू यादव ने कहा कि इस कांड में राजद के नेताओं का भी हाथ है इस कारण विपक्ष के नेता इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं। बिहार सरकार को पूरी ताकत और तैयारी के साथ पूरे बिहार के जमीन माफिया, शराब और बालू माफिया के नेक्सेस के खिलाफ ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। डीएसपी के सामने महिलाओं के हाथ पीछे करके जिस तरीके से बांधे गए, यह बर्बर कार्रवाई है। मामले में शामिल डीएसपी को अविलंब बर्खास्त किया जाना चाहिए। कौन-कौन लोग इसके पीछे हैं, इसकी जांच होनी चाहिए।
जन अधिकार पार्टी बालू माफिया, जमीन माफिया और शराब माफियाओं के खिलाफ राज व्यापी आंदोलन करेगी। पप्पू यादव ने कहा कि आने वाले दिनों हम लोग गया कि घटना के खिलाफ कोर्ट जाएंगे। पप्पू यादव ने कहा कि अगर इन लोगों पर कारवाई नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन धरने पर बैठकर इन माफियाओं के नेक्सस को उजागर करूंगा। प्रेस कांफ्रेंस में जाप राष्ट्रीय महासचिव प्रेमचन्द सिंह और राष्ट्रीय महासचिव राजेश पप्पू मौजूद थे।



