
बांग्लादेश में बिना वैक्सीनेशन के स्कूल में आने की अनुमति नहीं
ढाका- 07 जनवरी। बांग्लादेश में कोरोना की खराब होती स्थिति के कारण सरकार ने निर्णय लिया है कि वह बच्चे जिनकी उम्र 12-17 साल है और जिन्होंने वैक्सीनेशन नहीं करवाया है, उन्हें स्कूल में आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बांग्लादेश के कैबिनेट सचिव खांडकेर अनवारुल इस्लाम ने इसकी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि देश में सभी बच्चों को टीकाकरण के दायरे में लाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
दरअसल, बांग्लादेश में पिछले साल 12-17 साल तक के बच्चों को वैक्सीनेट करने की शुरुआत की गई थी। यदि देश में महामारी की स्थिति और खराब होती है तो सरकार पब्लिक ट्रांसपोर्ट को आधी क्षमता के साथ संचालित करेगी।
उल्लेखनीय है कि देश में बहुत तेजी से कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। पिछले सात दिनों से लेकर गुरुवार सुबह तक देश में कोरोना संक्रमण के 4,920 मामले दर्ज हुए हैं।



