
बरनाला में हेड कांस्टेबल के हत्या में कबड्डी खिलाड़ी गिरफ्तार
चंडीगढ़- 24 अक्टूबर। पंजाब पुलिस ने बरनाला जिले में तैनात हेड कांस्टेबल की हत्या मामले में आरोपित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपित के पांव में गोली लगने के कारण जख्मी हो गया है। जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पुलिस तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
दरअसल, रविवार की रात बरनाला के 25 एकड़ एरिया में एक रेस्तरां में कबड्डी खिलाडिय़ों और करिंदों में विवाद हो गया था। रेस्तरां मालिक ने फोन कर पुलिस बुलाई थी। पुलिस ने कबड्डी खिलाडिय़ों को गाड़ी में बैठने के कहने पर पुलिस से तकरार हो गई। आरोप है कि परमजीत सिंह पम्मा, गुरुमीत सिंह,जगराज सिंह राजा और वजीर सिंह ने पुलिस पर हमला कर दिया। आरोपितों ने हवलदार दर्शन सिंह को पीट-पीटकर गंभीर रूप में जख्मी कर दिया। उन्हें बरनाला के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया,जहां उनकी मौत हो गई। चश्मदीद के अनुसार आरोपित अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी थे।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि एसपी (गुप्तचर) रामनिश सिंह, डीएसपी सतबीर सिंह और डीएसपी गमदुर सिंह की टीम ने धनौला थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाका वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने ऑल्टो कार चालक को रुकने का इशारा किया। मगर चालक ने कार को भागने की कोशिश की और पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। गोली चालक के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरनाला के एसएसपी संदीप कुमार मलिक ने प्रेस वार्ता में बताया कि चारों गिरफ्तार आरोपितों की पहचान परमजीत सिंह पम्मा ठिकरीवाल,जगराज सिंह राजा रायसर,गुरमीत सिंह चीमा,वजीर सिंह अमला सिंह के रूप में हुई है। इनमें से तीन आरोपितों को पुलिस ने पहले ही दबोच लिया था। वहीं परमजीत सिंह पम्मा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है।



