
बच्चा चोरी की अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर : संयुक्त पुलिस आयुक्त
कानपुर- 05 सितम्बर। उत्तर प्रदेश के कई शहरों में बच्चा चोरी की अफवाहें चल रही हैं और कानपुर में भी इसका असर है। इसको लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और ऐसे लोगों की पहचान के लिए कड़ी नजर रखी जा रही है। फिलहाल शहरवासी ऐसी अफवाहों से बचे और जानकारी होने पर फौरन पुलिस को सूचना दें। यह बातें सोमवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने कही।
यूपी के कई शहरों समेत कानपुर में बच्चा चोरी की अफवाह लगातार जोर पकड़ रही है। ऐसे में लोग अफवाहों से बचे। इसके लिए कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के संयुक्त पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि कुछ लोग अनावश्यक रुप से इस तरह की अफवाहों को फैला रहे हैं। कमिश्नरेट पुलिस ने सामाजिक माधयमों के जरिये इस तरह की चीजों को चेक करने का प्रयास किया है। पुलिस इस बात का भी पता कर रही है कि कौन लोग इस तरह की अफवाहों को फैला रहे हैं। उनका कहना है कि समाज पूरी तरह से व्यवस्थित है, शांत है और लोगों में सुरक्षा का भाव है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वो अपनी सरकार, शासन व जिला प्रशासन पर जिस तरह से भरोसा बनाये हुए है वैसे ही भरोसा बनाये रखें। कहीं भी किसी तरह की कोई समस्या नहीं है और पुलिस का पूरा प्रयास है कि कोई समस्या आने नहीं दी जाएगी।



