बिहार

प्रखर समाजवादी नेता शरद यादव की कर्मभूमि रही बिहार, वे बिहार की राजनीति में किंगमेकर की भूमिका निभाते रहे

पटना- 13 जनवरी। प्रखर समाजवादी वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव ने जन्म तो मध्य प्रदेश में लिया लेकिन बिहार उनकी कर्मभूमि रही। उन्हें बिहार की राजनीति का भीष्म पितामह भी कहा जाता है। ये शरद यादव की स्वीकार्यता ही थी कि मध्य प्रदेश के होने के बावजूद भी उन्होंने बिहार में लालू और नीतीश दोनों को ना केवल मुख्यमंत्री बनाया, बल्कि जब लालू यादव की लोकप्रियता शिखर पर थी तब उन्हें सियासी पटखनी दी थी। वो साल 1999 का था।

इसके बाद शरद यादव का कद बिहार में बढ़ता चला गया। मधेपुरा से शरद यादव चार बार सांसद चुने गए।जिस मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र से शरद यादव ने लालू यादव जैसे दिग्गज को हराया उसी सीट से इन्हें पप्पू यादव जैसे युवा नेता से हार का भी मुंह देखना पड़ा। साल 2014 में जब देश में नरेन्द मोदी की लहर थी तो जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में शरद यादव मधेपुरा से मैदान में थे। उनके सामने राजद से युवा चेहरा पप्पू यादव थे। इस चुनाव में पप्पू यादव ने उन्हें पटखनी दे दी। मधेपुरा से अपना आखिरी लोकसभा चुनाव शरद यादव ने राजद के टिकट से लड़ा। इस आखिरी लोकसभा चुनाव में उन्हें जदयू के ही नेता दिनेश चंद्र यादव से हार का मुंह देखना पड़ा।

वर्ष 2018 में उन्होंने अपनी पार्टी लोकतांत्रिक जनता दल का गठन किया लेकिन सफल नहीं रहे। 2019 में वे लौटकर राजद में आए। मधेपुरा से चुनाव लड़ा लेकिन हार गए। इसके बाद से वे लगातार बीमार रहने लगे थे। राजीव रंजन ने कहा कि शरद यादव आखिरी बार 21 सितंबर, 2022 को बिहार लौटे थे। तब वे लगभग तीन साल बाद पटना आए थे। यहां उन्होंने बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव व अन्य नेताओं से मुलाकात की थी।

उल्लेखनीय है कि शरद यादव का गुरुवार 12 जनवरी की देर शाम गुरुग्राम के एक अस्पताल में निधन हो गया।

शरद यादव का सियासी सफरनामा—

1974 पांचवीं लोकसभा उप-चुनाव में सर्वदलीय समर्थन से चुने गए। इमरजेंसी लागू होने पर इस्तीफा दे दिया।

1977- छठी लोकसभा (द्वितीय कार्यकाल) में जनता पार्टी से निर्वाचित हुए।

1978- महासचिव- लोक दल, अध्यक्ष-युवा लोक दल चुने गए।

1986- राज्यसभा के लिए चुने गए 1989- नौवीं लोकसभा (तीसरी अवधि) में चुने गए गए।

1989-97 महासचिव-जनता दल, जनता दल संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष बने।

1989-90 केंद्रीय कैबिनेट मंत्री- कपड़ा और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग।

1991- 10वीं लोकसभा (चौथी अवधि) के लिए फिर निर्वाचित, लोक लेखा समिति के सदस्य रहे।

1993- नेता, जनता दल संसदीय पार्टी बने।

1995- कार्यकारी अध्यक्ष, जनता दल बने।

1996- 11वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित, वित्त समिति के अध्यक्ष बने।

1997- जनता दल के अध्यक्ष बने।

1999 – 13वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित, लालू प्रसाद को हराया।

13 अक्टूबर 1999 – 31 अगस्त, 2001, केंद्रीय कैबिनेट मंत्री (नागरिक उड्डयन) बने।

01 सितम्बर, 2001 – 30 जून, 2002 केंद्रीय कैबिनेट में श्रम मंत्री रहे।

01 जुलाई 2002 – 15 मई, 2004 केंद्रीय कैबिनेट मंत्री (उपभोक्ता मामले मंत्री, खाद्य और सार्वजनिक वितरण)।

2004 – राज्यसभा के लिए फिर निर्वाचित (द्वितीय कार्यकाल), व्यापार सलाहकार समिति, जल संसाधन समिति, सामान्य प्रयोजन समिति, सलाहकार समिति, गृह मंत्रालय के सदस्य रहे।

2009 -15वीं लोकसभा (सातवीं बार) के लिए निर्वाचित 31 अगस्त, 2009- शहरी विकास समिति के अध्यक्ष रहे।

2014- राज्य सभा के लिए फिर निर्वाचित (तीसरी अवधि)।

2018- लोकतांत्रिक जनता दल का गठन, राष्ट्रीय अध्यक्ष 2019 – राष्ट्रीय जनता दल में शामिल हुए और मधेपुरा से लोकसभा का चुनाव में प्रत्याशी बने।

2022- लोकतांत्रिक जनता दल का विधिवत विलय राजद में हुआ।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button