
पूर्व सीएम मांझी के ब्राह्मण वाले बयान पर चिराग ने कहा-समाज को बांटने वाली राजनीति नहीं होनी चाहिए
पटना-19 दिसंबर। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ब्राह्मणों पर बयान देकर बुरी तरह फंस गये है। उनके बयान की निंदा लगातार हो रही है। राजद और भाजपा के बाद अब लोजपा ने भी उनके बयान को गलत बताया है। लोजपा नेता चिराग पासवान ने भी मांझी के बयान पर नाराजगी जाहिर करते हुए मांझी को बयान को पूरी तरह से गलत बताया है।
चिराग ने मांझी को सलाह देते हुए कहा है कि आप किसी धर्म को नहीं मानते, किसी त्योहार को नहीं मानते, यह आपका व्यक्तिगत मामला हो सकता है, लेकिन किसी जाति धर्म को गालियां देना कहीं से भी शोभा नहीं देता है। वह भी तब जब आप राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके हों। जो लोग आस्था रखते हैं,उन्हें आप ऐसे ठेस नहीं पहुंचा सकते हैं। रविवार को संवाददातों से बात करते हुए चिराग ने कहा कि मांझी का बयान पूरी तरह से अमर्यादित है। उन्हें मर्यादाओं का ध्यान रखने के साथ ही अपनी गरिमा के अनुरूप कुछ भी बोलना चाहिए।
चिराग ने कहा कि मांझी राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके है और उन्होंने सोच समझकर बयानबाजी करनी चाहिए । चिराग ने कहा कि मांझी को बाँटने की राजनीति नहीं करनी चाहिए। धर्म के मुद्दों पर हर व्यक्ति की अपनी निजी आस्था होती है। मांझी का भी धर्म को लेकर व्यक्तिगत मत रह सकता है, वे मानें या न मानें यह उनकी निजी आस्था का विषय है लेकिन बहुसंख्य लोगों की भावनाओं को वे आहत नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि बिहार में बांटने की राजनीति अधिक होती है वहीं मांझी भी कर रहे है।
चिराग पासवान ने अपना व्यक्तिगत विचाार साझा करते हुए कहा कि मैं नए समय का लड़का हूं। पढ़ा लिखा हूं। जानता हूं कि जात पात की राजनीति कितनी खतरनाक होती है। मेरे लिए सिर्फ दो ही प्रकार की जातियां है, अमीर और गरीब। और किसी जाति को मैं नहीं मानता हूं। आज बिहार में एक मुट्ठी भर लोग अमीर होते जा रहे हैं और गरीब गरीब होता जा रहा है। इसे दूर करने की कोशिश होनी चाहिए।



