पुतिन की NATO सहित पश्चिमी देशों को सख्त धमकी

लॉस एंजेल्स- 06 मार्च। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने नाटो सहित पश्चिमी देशों को धमकी दी है कि वह यूक्रेन के हवाई मार्ग पर “नो फ़्लाई ज़ोन” का विचार दिमाग़ से निकाल दें अन्यथा एक बड़ी मिलिटरी लड़ाई के लिए तैयार रहें।

पुतिन की इस धमकी को अमेरिकी मीडिया और अख़बारों में प्रमुख स्थान दिया गया है। न्यू यॉर्क टाइम्स ने इस खबर को सुर्ख़ियों में प्रकाशित किया है तो अन्य मीडिया भी इसे बैनर खबर के रूप में ले रहे हैं।

पुतिन ने कहा है कि नो फ़्लाई ज़ोन घोषित किए जाने के फलस्वरूप पूर्णरूपेण मिलिटरी संघर्ष होता है तो इसकी ज़िम्मेदारी भी यूरोप और पश्चिमी देशों को लेनी होगी।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदोमीर जेलेंस्की का नाम लिए बिना उन्होंने यूक्रेन के सत्तानशी को आगाह किया कि बेहतर होगा कि वे उनकी शर्तें मान लें अन्यथा उन्हें संप्रभु राज्य के दर्जे से भी हाथ धोना पड़ेगा। रूस की पहली बड़ी शर्त यह कि यूक्रेन नाटो की सदस्यता लेने से पल्ला झाड़ ले।

रूस के विमान कर्मियों को सम्बोधित करते हुए पुतिन ने निसंकोच हवाई मार्ग के उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह मात्र अफ़वाह है कि वह मार्शल ला लगा रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक उनके देश की सीमाओं पर कोई आंच नहीं आती,वह न तो मार्शल लगाएंगे और न ही सेना में नई भर्ती ही करेंगे।

lakshyatak
Author: lakshyatak

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!