
पुणे में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त
मुंबई- 11 सितंबर। पुणे में पिछले दो घंटे से हो रही भारी बारिश से यहां जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। भारी बारिश के चलते पुणे के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। इससे यातायात भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 3 से 4 दिन तक भारी बारिश की भविष्यवाणी की थी लेकिन गणेश विसर्जन पर बारिश की एक भी बूंद नहीं गिरी। रविवार शाम पिछले 2 घंटे से तेज बारिश हो रही है। बारिश से पुणे की सड़कें जलमग्न हैं जिससे लोगों को बेहद तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम गरज के साथ तेज बारिश शुरू हो गई है जिससे उपनगरों के साथ ही पुणे के मध्य भाग में प्रचुर मात्रा में जलभराव हो गया है। पुणे नगर निगम कर्मी जलनिकासी का काम कर रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 से 4 दिन प्रदेश में तूफानी हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। राज्य में कल से बारिश की तीव्रता बढ़ेगी। मौसम विभाग ने नंदुरबार, धुले, जलगांव, पालघर और ठाणे को छोड़कर पूरे राज्य में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है, इसलिए नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की गई है।



