
पांच साल की बच्ची के साथ बलात्कार,आरोपी रिश्तेदार गिरफ्तार
हमीरपुर- 14 जनवरी। कुरारा कस्बे में एक पांच साल की बच्ची के साथ उसी के रिश्तेदार ने सूना घर पाकर बलात्कार किया। घटना के बाद आरोपी को भागने से पहले ही परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कस्बे में गरीबों के आवास पर एक दम्पति के यहां इटावा जिले के ऊसराहार थाना क्षेत्र के कुरेला गांव निवासी पप्पू उर्फ रामचन्द्र (45) पुत्र मौजीलाल आया था। ये बच्ची के पिता का दूर का रिश्तेदार है। शुक्रवार को दोपहर बाद दम्पति घर से बाजार गए थे। बच्ची घर में अकेली थी तभी पप्पू ने उसके साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दे दिया। मौके पर आए परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
कुरारा थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने आज शाम बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। बताया कि आरोपी रिश्तेदारी में यहां बच्ची के घर आया था।



