
पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र नवंबर में
कोलकाता- 25 अक्टूबर। पश्चिम बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र एक से 18 नवंबर को हो सकता है। यह बात संसदीय मंत्री पार्थ चटर्जी ने सोमवार को कहीं। पूजा के बाद विधानसभा का कार्यालय सोमवार को खुलते ही अध्यक्ष बिमान बनर्जी और संसदीय मंत्री ने सत्र से जुड़े मुद्दों पर बैठक की। बैठक करीब दो घंटे तक चली। पार्थ ने कहा कि हमें कानून विभाग से बात करनी होगी कि कितने बिल बचे हैं। मुझे पता है कि कुछ बिल बाकी हैं। हालांकि, वह कोई भी फैसला लेने से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बातचीत करना चाहते हैं। एक नवंबर को शोक प्रस्ताव पढ़ने के बाद सत्र की कार्यवाही समाप्त हो जाएगी। अगले दिन को कार्य दिवस के रूप में रखा गया है। हालांकि, सत्र तीन से छह नवंबर को कालीपूजा और दिवाली के लिए बंद रहेगा। सत्र आठ नवंबर को फिर से आयोजित किया जाएगा। फिर से 9 और 10 नवंबर को छठपूजा के लिए विधानसभा की कार्यवाही स्थगित रखी जाएगी। हालांकि, सत्र 11 और 12 नवंबर को फिर से आयोजित किया जाएगा। 13-14 नवंबर को शनिवार और रविवार की छुट्टी है। सत्र 15 नवंबर को बिरसा मुंडा के जन्मदिन के अवसर पर भी बंद रहेगा। उसके बाद 16-17 नवंबर को दो दिवसीय अंतिम कार्यवाही के बाद 18 नवंबर को शीतकालीन सत्र समाप्त होगा। कुल मिलाकर पश्चिम बंगाल विधानसभा का यह सत्र आठ दिनों तक चल सकता है।



