
पश्चिम बंगाल के नवोदय विद्यालय में कोरोना विस्फोट,29 छात्र संक्रमित
नदिया- 22 दिसंबर। हाल ही में राज्य में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए पुनः स्कूल खोले गए हैं। इसी बीच नदिया जिले के कल्याणी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के 29 विद्यार्थियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद विद्यालय में आतंक देखने को मिल रहा है। विशेष सूत्रों के अनुसार हाल ही में विद्यालय के दो विद्यार्थियों को सर्दी-खांसी की शिकायत हुई। उसके बाद स्कूल प्रबंधन ने उन्हें कल्याणी के जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल अस्पताल में कोरोना टेस्ट के लिए भेजा। दोनों विद्यार्थियों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई। इसके बाद विद्यालय में हड़कंप मच गया। विद्यालय में विशेष कैंप लगाकर 324 विद्यार्थियों का कोरोना टेस्ट किया गया जिसमें से 29 विद्यार्थियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। विद्यार्थियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद नवोदय विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों में आतंक है।
विद्यालय की प्रधान शिक्षिका मौसमी नाग ने बुधवार को बताया जिन विद्यार्थियों का कोरोना टेस्ट नहीं हो पाया है, उनके सैंपल भी जांच के लिए भेजे जाएंगे। फिलहाल स्कूल खुला रहेगा। लेकिन विद्यार्थियों की कोरोना रिपोर्ट हम अपने शीर्ष अधिकारियों के पास भेजेंगे। उसके बाद ऊपर से जो निर्देश आएगा विद्यालय उसका पालन करेगी।



