
परंपरागत तरीके से मनायी गई गोवर्धन पूजा
मधुबनी- 26 अक्टूबर। गोवर्धन पूजा को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में काफी धूम-धाम रही। घर आंगन में महिलाऐं गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर पूजा अर्चना की। मधुबनी जिले के घोघरडीहा प्रखंड क्षेत्र के बेलहा बथनाहा,कालीपुर,धनखोर,परसा,मुजियासी,बसुआरी,देवनाथपट्टी,अलोला,नौआबाखर आदि गांवों में सुबह से ही गोवर्धन पूजा को लेकर लोगों में उल्लास छाया रहा। ग्रामीण पशुपालकों ने अपने अपने गाय,भैंस सहित अन्य पशुओं को नहला धुलाकर रंग बिरंगे रस्सी,मुखाड़ी,गलदामी पहनाकर एवं रंग लगाकर उनकी पूजा अर्चना करने के साथ ही घर में भगवान श्री कृष्ण की पूजा की।
घर की गृहणियां परंपरागत तरीके से पशुओं को तेल,सिंदूर,पिठार लगाकर चुमाया तथा उनके पैर धोकर पूजा अर्चना कर धन धान्य से परिपूर्ण होने का आशीर्वाद मांगी। पशुपालकों ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोकुल में गोवर्धन पर्वत अपने कानी अंगुली पर उठाकर पशुओं की रक्षा की थी। तब से ही गोवर्धन पर्वत को पशुओं के रक्षक देवता मानकर पूजा अर्चना की प्रथा है। मान्यता है कि पूजन से मनवांछित फल की प्राप्ति होती है।



