
पन्ना में खदान से मजदूर को मिला 3.15 कैरेट वजन का हीरा
पन्ना- 25 जून। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के खोरा गांव के रहने वाले दिहाड़ी मजदूर सुरेंद्र पाल को पन्ना की रत्नगर्भा धरती से बेशकीमती हीरा मिला है। उसे उथली खदान क्षेत्र पटी में जेम क्वालिटी ( उज्ज्वल किस्म) वाला 03.15 कैरेट वजन का हीरा मिला है। इस हीरे की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये है। हीरे को मजदूर सुरेंद्रपाल ने हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है। इसे आगामी नीलामी में रखा जाएगा। खदान में हीरा मिलने की सूचना के बाद से मजदूर सुरेंद्रपाल के घर में खुशी का माहौल है।
सुरेंद्रपाल ने बताया कि वह पहले अन्य राज्यों में जाकर दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। आर्थिक तंगी से निजात पाने के लिए नौ महीने पहले उसने पटी क्षेत्र के कृष्णकल्याणपुर में हीरा खदान ली। करीब छह माह से हीरों की तलाश कर रहे मजदूर की मेहनत आखिरकार शुक्रवार को रंग लाई और उसे 3.15 कैरेट का जेम्स क्वालिटी का चमकीला हीरा मिला है। उसका कहना है कि हीरे की नीलामी से मिलने वाले पैसों से वह अपना घर बनवाएगा और अपने बच्चों की पढ़ाई लिखाई में इसे खर्च करेगा।
हीरा कार्यालय पन्ना के हीरा अधिकारी रवि पटेल ने बताया कि 3.15 कैरेट वजन का यह हीरा उज्ज्वल किस्म का है। यह गुणवत्ता और कीमत के लिहाज से अच्छा माना जाता है। उन्होंने बताया कि पन्ना में उथली खदानों से प्राप्त इस हीरे को आगामी नीलामी में रखा जायेगा। बिक्री से प्राप्त राशि में से शासन की रायल्टी काटने के बाद शेष राशि हीराधारक को प्रदान की जाएगी।



