
पंजाब को दिल्ली से न चलाएं भगवंत मान: राहुल गांधी
चंडीगढ़- 16 जनवरी। भारत जोड़ो यात्रा लेकर चल रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार की शाम होशियारपुर में एक जनसभा में पहली बार पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधा हमला किया। उन्होंने पंजाब व दिल्ली के मुख्यमंत्रियों का नाम लेकर कटाक्ष किया। अपने भाषण के अंतिम दौर में राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री को चाहिए कि वह पंजाब को पंजाब से ही चलाएं क्योंकि आप पंजाब के मुख्यमंत्री हैं।
जनसभा में दिल्ली के मुख्यमंत्री का नाम लेकर राहुल गांधी ने कहा कि भगवंत मान को किसी का रिमोर्ट कंट्रोल नहीं बनना चाहिए। कांग्रेस पार्टी ने जब-जब पंजाब में राज किया है तब-तब पंजाब को पंजाब से ही चलाया है। राहुल गांधी ने किसान आंदोलन के दौरान मारे गए किसानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा है कि कांग्रेसी सांसदों ने जब लोकसभा व राज्यसभा में शहीद किसानों को श्रद्धांजलि देने की मांग उठाई तो भाजपा सरकार ने इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सीमा पर किसान एक साल तक धरना देते रहे और प्रधानमंत्री ने उनके साथ मुलाकात नहीं की। राहुल ने कहा कि अगर यूपीए की सरकार सत्ता में होती और इस तरह का आंदोलन हुआ होता तो हमारे प्रधानमंत्री किसानों के बीच बैठकर बात करते।
कांग्रेस नेता ने कहा कि आज देश के हालात यह हो गए हैं कि जब वह संसद में कृषि कानून, महंगाई, बेरोजगारी, नोटबंदी और जीएसटी के मुद्दों की बात करते हैं तो उनके माइक बंद कर दिए जाते हैं। सदन में जब उनकी आवाज को बंद किया गया तो उन्होंने जनता तक अपनी बात पहुंचाने के लिए सड़क का रास्ता चुना। राहुल गांधी ने कहा कि सिख गुरुओं ने भी अपने-अपने काल में नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने का काम किया है। उन्हीं के दिखाए मार्ग पर चलकर आज वह देश को जोडऩे की बात कर रहे हैं।
बाक्स—
कांग्रेसियों को पढ़ाया एकजुटता का पाठ
राहुल गांधी ने होशियारपुर की जनसभा में अपनी पार्टी के नेताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी को एक साथ खड़ा होना है। एक साथ मिलकर आगे चलना है। उन्होंने नेताओं को नसीहत दी कि अगर वह कार्यकर्ताओं व जनता के बीच रहेंगे तो दुनिया की कोई ताकत उन्हें हरा नहीं सकती।



