
नेहरू से लेकर प्रियंका तक ने देश को लूटा: स्वतंत्र देव सिंह
भदोही-24 अक्टूबर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने गांधी परिवार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नेहरू से लेकर प्रियंका गांधी तक इस देश को लूटा। राजनीति व्यापार नहीं मिशन और त्याग है। सपा, बसपा और कांग्रेस के राज मेंं गुण्डाराज कायम था। ओवैसी प्रदेश का माहोैल गंदा कराना चाहते हैं। चार साल में प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भदोही में रविवार को मंच साझा कर रहे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि चाय बेचने वाला भारत का प्रधानमंत्री बना। सत्तर साल में जो देश की स्थिति बदल नहीं पाये, पांच साल में चाय बेचने वाला देश को बदल दिया। विदेश में सम्मान और मान बढ़ाया। भारत को अब लोग दूसरे नजरिये से देखते हैं। प्रदेश में अब आम लोग सुरक्षित हैं और सड़कों पर कोई भय नहीं है। अब आधी रात को सड़क पर निकलने वाली बेटी पर किसी की निगाह बुरी नहीं होती। प्रदेश के योगीराज में गुण्डाराज खत्म हो गया है। पूर्ववर्ती सरकारों में बिजली के खम्भों पर तार लगे थे, लेकिन उसमें बिजली नहीं आती थी। सिर्फ भारी भरकम बिल आता था तो लोगों को बिल का करण्ट लग जाता था। योगीराज में वह वक्त बीत गया है। अब बिजली के उजियारे में अपनी बीबी का मुंह देख कर किसान दो रोटी और खाता है।



