
नीतीश को लोकसभा चुनाव के लिए कई राज्यों से आया प्रस्ताव: ललन सिंह
पटना- 17 सितंबर। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि कई राज्यों के कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए नीतीश कुमार को निमंत्रण दिया है। अब वे चुनाव लड़ेंगे या नहीं, उनको फैसला करना है।
मुख्यमंत्री उप्र के फूलपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे या नहीं के सवाल पर ललन सिंह ने कहा कि फूलपुर की जनता नीतीश कुमार को चाहती है। उनका हम सम्मान करते हैं लेकिन नीतीश कुमार चुनाव लड़ेंगे या नहीं यह फैसला उनको करना है। उन्होंने कहा कि नीतीश को उप्र के अंबेडकर नगर और मिर्जापुर से भी प्रस्ताव आया है।
उल्लेखनीय है कि 2019 में नीतीश कुमार की पार्टी बिहार में भाजपा के साथ मिलकर 40 में 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ी थी। इसमें 16 पर जीत मिली थी। 2014 में नीतीश कुमार की पार्टी भाजपा से अलग होकर चुनाव लड़ी थी। तब महज दो सीटों पर जदयू को जीत हासिल हुई थी। अधिकांश जगहों पर जदयू उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। अब नीतीश भाजपा से अलग हो गये हैं। ऐसे में वह लोकसभा चुनाव में किस्मत आजमाते हैं तो परिणाम क्या होगा, यह देखना दिलचस्प होगा।