
नीति आयोग सिर्फ तय पैमाने के आधार पर बिहार को दूसरे प्रदेशों से पीछे कहे, यह ठीक नहीं: मंत्री अशोक
पटना- 10 दिसंबर। प्रदेश जदयू कार्यालय में शुक्रवार को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा एवं भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी शामिल हुए। इस अवसर पर भवन निर्माण मंत्री ने विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। जनसुनवाई कार्यक्रम में शामिल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि पार्टी के जनसुनवाई कार्यक्रम का लाभ कार्यकर्ताओं को मिल रहा है और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपनी समस्या लेकर प्रदेश कार्यालय पहुंच रहे हैं। जहां उनकी समस्या का समाधान किया जा रहा है और कार्यकर्ता संतुष्ट होकर जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई कार्यक्रम में समस्या का त्वरित समाधान होने से कार्यकर्ताओं में पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ा है।
मौके पर मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रदेशभर से कार्यकर्ता अपनी समस्या को लेकर पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जनसुनवाई कार्यक्रम में शिक्षा एवं जल संसाधन विभाग से संबंधित मामलों के आलावा अन्य विभागों से जुड़ी शिकायत को लेकर कार्यकर्ता आये थे जिनकी समस्या का समाधान किया गया। उन्होंने आनेवाले दिनों में सामाजिक कुरितियों और विकास के मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री के दौरे पर कहा कि आगामी 15 दिसंबर के बाद संभवतः मुख्यमंत्री के क्षेत्र भ्रमण का कार्यक्रम तय किया जाएगा और अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री बिहार के विकास के साथ-साथ लोगों को नशाबंदी और सामाजिक कुरितियों के प्रति जागरूक करने का काम करेंगे।
बिहार सरकार की ओर से नीति आयोग को पत्र लिखे जाने पर मंत्री ने कहा कि नीति आयोग ने राज्यों के लिए जो भी पैमाना बनाया हो लेकिन हमने पिछले 15 वर्षों में किस तरह से बिहार के मूलभूत संरचना से लेकर हरेक क्षेत्र में काम किया, इसे पत्र के माध्यम से नीति आयोग को अवगत कराया गया है। नीति आयोग सिर्फ तय पैमाने के आधार पर यह कह दे कि बिहार दूसरे प्रदेशों से पीछे है, यह कहीं से भी ठीक नहीं है। मुख्यमंत्री ने जब बिहार में सत्ता की बागडोर संभाली तो उस समय जो बिहार की जनसंख्या थी, अभी उससे काफी अधिक हो चुकी है। हमने जिन परिस्थितियों में बिहार को आगे ले जाने का काम किया है उसका उल्लेख पत्र में किया है। नीति आयोग को देखना होगा कि अन्य राज्यों की तुलना में बिहार ने पिछले 15 वर्षों में कैसे संसाधनों की कमी के बावजूद विकास किया है। केंद्र के स्तर पर हमें और सहायता मिलती है तो बिहार एवं तेज गति से विकास की ओर अग्रसर होगा।
मंत्री ने बताया कि सरकार जल्द ही बिल्डिंग मेंटेनेंस पॉलिसी लाने जा रही है और इसी के तहत भवनों के मेंटेनेंस का काम शुरू किया जाएगा। भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने जदयू परिवार की तरफ से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर विधान पार्षद संजय गांधी,पार्टी प्रवक्ता निखिल मंडल समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



