
नवाब मलिक के जमीन व्यवहार के बाद मुंबई में तीन बार हुए थे बम विस्फोट: देवेंद्र फडणवीस
मुंबई- 23 फरवरी। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाया कि नवाब मलिक के अंडरवर्ल्ड से जुड़े लोगों के साथ जमीन खरीदने के बाद मुंबई में तीन बार बम विस्फोट हुए थे। उन्होंने कहा कि इस जमीन खरीदी-विक्री व्यवहार का पैसा दाऊद इब्राहिम तक उसकी बहन हसीना पारकर के माध्यम पहुंचे थे। यह सब आज की प्रवर्तन निदेशालय(ईडी) की जांच में साफ हो गया है।
देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि अंडरवर्ल्ड से संबंध अब साफ हो जाने के बाद नवाब मलिक को मंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की प्रथा परंपरा रही है कि आरोप लगने के बाद अब तक मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। इसलिए इस मामले में अंडरवर्ल्ड को मदद करने वाले मंत्री का समर्थन महाविकास आघाड़ी सरकार को नहीं करना चाहिए। नवाब मलिक को तत्काल इस्तीफा लेने का प्रयास महाविकास आघाड़ी के नेताओं को करना चाहिए।
फडणवीस ने पत्रकारों को बताया कि ईडी ने नवाब मलिक पर कार्रवाई से पहले मुंबई में नौ जगह छापेमारी कर सबूत इकठ्ठा किया था। नवाब मलिक की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में और भी देश के साथ बेईमानी करने वालों के चेहरे उजागर होने वाले हैं। इस मामले को किसी भी पार्टी अथवा व्यक्तिगत न देखते हुए देशहित को ध्यान में रखते हुए देखना चाहिए तथा उनका निषेध किया जाना चाहिए।
जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की गुरुवार को बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में नवाब मलिक के इस्तीफा की मांग को लेकर रणनीति तय की जाने वाली है।



