
धोखाधड़ी मामले में फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा केस की सुनवाई 3 अक्टूबर को
मुरादाबाद- 05 सितम्बर। धोखाधड़ी मामले में आरोपित फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा केस की सुनवाई सोमवार को नहीं हो सकी। सोमवार को अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण सुनवाई स्थगित हो गई। पीठासीन अधिकारी के भी अवकाश पर रहने के चलते सुनवाई अब 3 अक्टूबर को होगी।
मुरादाबाद जिले के शिवपुरी निवासी इवेंट मैनेजर प्रमोद शर्मा ने 22 फरवरी 2019 को कटघर थाने में अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा, अभिषेक सिन्हा, एडगर साकिया, मालविका पंजाबी और घुमिल ठक्कर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें आरोप लगाया गया था कि वादी ने दिल्ली में आयोजित एक अवार्ड शो में सोनाक्षी सिन्हा को बुलाने के लिए अनुबंध किया था। उन्होंने सारी रकम अदा कर दी थी, लेकिन वह कार्यक्रम में नहीं पहुंचीं।
प्रमोद शर्मा के अनुसार, उन्होंने सारा भुगतान एक्ससीड एंटरटेनमेंट के मालिक अभिषेक सिन्हा के जरिए सोनाक्षी सिन्हा को किया था। कुल 29.92 लाख रुपये का पेमेंट किश्तों में किया गया था, लेकिन अभिनेत्री सोनाक्षी इस कार्यक्रम में नहीं आईं। मामले में प्रमोद शर्मा ने अदालत की शरण ली थी। अदालत ने मुरादाबाद के कटघर थाना पुलिस को सोनाक्षी सिन्हा और उनके साथियों के विरुद्ध धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। आरोपितों के खिलाफ 20 मई 2020 को चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी गई थी। पुलिस को चार्जशीट दाखिल करने में लगभग 455 दिन लग गए थे। सोमवार को अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण आरोपी अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा केस की सुनवाई नहीं हो सकी व पीठासीन अधिकारी के भी अवकाश पर रहने के चलते सुनवाई अब 3 अक्टूबर को होगी।



