
दो मोटरसाइकिल में टक्कर, 4 की मौत
महराजगंज- 25 अक्टूबर। सोमवार की देर रात महराजगंज के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बरगदवा में हुई दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मृत्यु हो गई। एक युवक की हालत भी गंभीर है। मृतकों का शव कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल युवक को इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। इस पूरे घटना क्रम पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताते हुए राहत कार्य के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक जिले के नटवा जंगल निवासी सुंदरम अपने अन्य दो साथी अजीत और सनी के साथ बाइक से भटहट से अपने घर को आ रहे थे। वह अपनी बाइक से बरगदवा पहुंचे ही थे कि तभी सामने से गोरखपुर जिला पिपराइच थाना क्षेत्र के समदार खुर्द निवासी आनंद अपने साथी अन्नू के साथ बाइक से आ गए। दोनों बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना में नटवा निवासी अजीत कुमार और समदार खुर्द निवासी आनंद और अन्नू की मौके पर ही मृत्यु हो गई। गंभीर हालत में घायल सनी और सुंदरम को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां सनी की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है।
बोले थानाध्यक्ष
थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि सोमवार की रात में सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस ने पाया था कि मौके पर ही तीन लोगों की मृत्यु हो गई थी। दो अन्य घायलों को इलाज के लिए भेजा गया। उसमें से एक और युवक के मृत्यु की सूचना है। मामले में मृतकों के स्वजन को सूचना देकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने गहरा दुःख व्यक्त किया
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महराजगंज में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख जताया है। दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। मुख्यमंत्री ने डीएम और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर हालात देखने के निर्देश दिए हैं।



