
देह व्यापार कराने के लिए लड़कियों को देते थे ड्रग्स की गोलियां
लखनऊ- 04 फरवरी। गोमतीनगर थाना क्षेत्र स्थित पीकेजी मसाज पार्लर की आड़ में देह व्यापार का धंधा करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मौके से छह युवक और आठ लड़कियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से अपत्तिजनक चीजे बरामद हुई है। एसीपी गोमतीनगर श्वेता श्रीवास्तव ने अपनी टीम के साथ गोमतीनगर विस्तार स्थित पीकेजी मसाज पार्लर में छापा मारा। मौके से हरियाणा निवासी कुलदीप उर्फ पीके, कानपुर नगर का अनिल कुमार प्रजापति, झांसी से संजय, लखनऊ निवासी राजकुमार, बिहार निवासी रितिक और उन्नाव निवासी सतेन्द्र कुमार और आठ लड़कियों को गिरफ्तार किया गया है।
एसीपी ने बताया कि एक युवती ने पुलिस से शिकायत की थी। उसने बताया था कि उसे मसाज पार्लर में नौकरी दिलाने के नाम पर बुलाया गया और कमरे में बंधक बनाकर जबरन देहव्यापार का काम कराया जा रहा था। मकान में उसके साथ कई और लड़कियां भी मौजूद है। देहव्यापार के लिए मना करने पर उन लड़कियों से मारपीट की जाती थी। विरोध पर ड्रग्स और नशे का इंजेक्शन दिया जाता था। ग्राहकों के पास भेजने के लिए लग्जरी वाहनों का उपयोग किया जाता था और ग्राहकों को यह भी हिदायत दी जाती थी कि उन्हें सुरक्षित उनके ठिकाने तक पहुंचाया जाये। देह व्यापार के लिए जॉब का बहाना देकर अन्य राज्यों से भी लड़कियों को बुलाया जाता था। पुलिस ने इस गिरोह में शामिल आरोपितों को जेल भेजते हुए अन्य लोगों के बारे में भी पता लगाना शुरू कर दिया है।



