
दीपावली 24 अक्टूबर को और गोवर्धन पूजा होगी 26 को
लखनऊ- 15 अक्टूबर। इस साल दीपावली के दूसरे दिन सूर्य ग्रहण पड़ जाने के कारण गोवर्धन व अन्न्कूट पूजा दो दिन बाद की जाएगी। दीपावली का त्योहार 24 अक्टूबर को है। इसके दूसरे दिन 25 अक्टूबर को ग्रहण हो जाएगा। जिस कारण गोवर्धन व अन्नकूट पूजा 26 अक्टूबर को की जाएगी। इसके दूसरे दिन 27 तारीख के यम द्वितीया व चित्रगुप्त पूजा की जाएगी।
उ.प्र. संस्कृत संस्थान के पं. महेंद्र पाठक बताते है कि 24 अक्टूबर को सुबह उदया तिथि में नरक चतुर्दशी है, जिसमे सुबह लोग चौदस तिथि के विहित कर्म जैसे तेल मालिश इत्यादि कर सकते हैं। इसके उपरांत इसी दिन दोपहर बाद 4 बजकर 30 मिनट से अमावस्या लग जाएगी, तो रात को दीपावली मना सकते हैं। इसमें दीपदान व श्रीलक्ष्मी-गणेश पूजन किया जा सकता है। दूसरे दिन सूर्य ग्रहण के कारण अन्नकूट व गोवर्धन न करके इसके दूसरे दिन 26 अक्टूबर में करना शुभ रहेगा। उन्होंने बताया कि धर्मशास्त्र में ग्रहण काल में कोई भी शुभ कार्य वर्जित माना गया है।
उ.प्र. संस्कृत संस्थान के पूर्व कर्मकाण्डी प्रशिक्षक पं. अनिल कुमार पाण्डेय भी बनारस के हृषीकेश के अनुसार बताते हैं कि इस साल दीपावली 24 अक्टूबर को मनाई जाएगी और इसके दूसरे दिन चूंकि सूर्य ग्रहण पड रहा है, इस कारण 25 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा न करके इसके दूसरे दिन 26 अक्टूबर को ही करना श्रेष्ठ रहेगा। 27 अक्टूबर को यमद्वितीय व चित्रगुप्त पूजा की जाएगी।
चिंताहरण जंत्री में भी 24 को नरक चौदस, 26 गोवर्धन व अन्नकूट पूजा व 27 को यम द्वितीया मनाई जाएगी।



