
MADHUBANI:- दरभंगा सर्जिकल नर्सिंग होम में ऑपरेशन के दौरान गर्भवती की मौत, परिजनों का हंगामा
मधुबनी- 25 नवंबर। खुटौना प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित दरभंगा सर्जिकल नर्सिंग होम में बीते मंगलवार की रात्रि एक गर्भवती महिला की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक नेमूआ गांव निवासी (सुंदरपुर के समीप) मो. परवेज की 25 वर्षीय पत्नी खतीजा खातून जो अपने पिता एकडारा निवासी मो. कासीम के साथ प्रसव पीड़ा के दौरान उक्त नर्सिंग होम में इलाज कराने आई थी। जहां ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत हो गई। वहीं मौत की खबर जंगल के आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मृतिका के परिजनों ने नर्सिंग होम को घेर लिया। आक्रोषित मृतिका के परिजनों ने काफी हो हंगामा किया। मृतिका के पिता मो. कासिम ने इस संबंध में नर्सिंग होम के संचालक कैलाश किशोर,ओमप्रकाश साह एवं लालू साह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की बात कही है। इधर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि हमारे पास इस सम्बंध में कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। अगर आवेदन प्राप्त होता है, तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि सिविल सर्जन डॉ सुनील कुमार झा के द्वारा लगातार अवैध नर्सिंग होम को चिन्हित कर सील किया जा रहा है। दरभंगा सर्जिकल नर्सिंग होम अवैध नर्सिंग होम के लिस्ट शामिल है। वहीं घटना घटने के उपरांत सभी कर्मी,संचालक, डाक्टर बोर्ड एवं बैनर हटा फरार बताए जा रहे हैं।



