स्पोर्ट्स

दरभंगा को 62 रनों से हराकर हेमन ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचीं भागलपुर की टीम

भागलपुर- 14 अप्रैल। बिहार क्रिकेट संघ के तत्वावधान में पूर्णिया जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित ग्रीन वैली स्टेडियम, पूर्णिया में गुरुवार को खेले गए हेमन ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भागलपुर ने दरभंगा को 62 रनों से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। रणजी खिलाड़ी बासुकीनाथ की कप्तानी में लगातार तीसरी बार भागलपुर की टीम हेमन ट्रॉफी के फाइनल में पहुँची है। 2018 व 2019 में बासुकीनाथ की कप्तानी में भागलपुर टीम विजेता और उपविजेता रह चुकी है।

दूसरे सेमीफाइनल मैच में भागलपुर के जीत के हीरो सूर्यवंश (130 रन) और कुमार गौरव राज (79 रन) रहे। शुक्रवार को ग्रीन वैली स्टेडियम, पूर्णिया में हेमन ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला भागलपुर और पूर्णिया के बीच खेला जाएगा। 50 ओवर के दूसरे सेमीफाइनल मैच का टॉस भागलपुर के कप्तान बासुकीनाथ ने जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। भागलपुर की टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 291 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाजी में सूर्यवंश ने 9 चौके व 6 छक्के की मदद से 130 रनों की शतकीय पारी खेली। कुमार गौरव राज ने 5 चौके और 5 छक्के की मदद से 79 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। कप्तान बासुकीनाथ ने 21 रन, मो शहाबुद्दीन ने नाबाद 16 व विकास यादव ने नाबाद 12 रनों की उपयोगी पारी खेली।

दरभंगा की ओर से गेंदबाजी में जहांगीर आलम व सुभाष चंद्रा ने क्रमशः दो-दो विकेट लिया। मयंक कुमार व अल्तमीश ने क्रमशः एक-एक विकेट चटकाए। 292 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दरभंगा की टीम 47 ओवर में 229 रनों पर ऑल आउट हो गई। दरभंगा की ओर से बल्लेबाजी में नवनीत झा ने 3 चौके व 6 छक्के की मदद से 60 रनों की तेज पारी खेली। आयुष लोहारका ने 5 चौके की मदद से 55 रन बनाए। जीशान बिन वशी ने 23 रनों का योगदान दिया। भागलपुर की ओर से गेंदबाजी में गोविंदा ने 3 विकेट लिया। सचिन कुमार, अभिषेक कुमार और मो शहाबुद्दीन ने क्रमशः दो-दो विकेट चटकाए। विष्णु ने एक विकेट झटका।

अंपायर की भूमिका में बीसीए पैनल के राजीव मिश्रा और सन्नी कुमार वर्मा थे। भागलपुर टीम के इस जीत पर भागलपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव डॉ आनंद कुमार मिश्रा, संयुक्त सचिव सुबीर मुखर्जी उर्फ मामू, कोषाध्यक्ष डॉ जयशंकर ठाकुर, संयोजक मो फारूक आजम, टीम के हेड कोच सह पूर्व रणजी खिलाड़ी मो रहमतुल्लाह, टीम मैनेजर मो हसन खान, कृष्ण कुमार पांडे उर्फ गुड्डू पांडे, मो मेहताब मेहंदी, डॉ विश्वनाथ, डॉ अर्जुन कुमार, जगदीश शर्मा, नीलकमल राय आदि ने पूरी टीम को बधाई और फाइनल मैच के लिए शुभकामनाएं दी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button