भारत

त्रिपुरा को लेफ्ट-कांग्रेस की दो धारी तलवार से सतर्क रहना होगा: PM मोदी

नई दिल्ली- 11 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को त्रिपुरा में कांग्रेस-सीपीएम गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि लेफ्ट और कांग्रेस दो धारी तलवार है। दोनों दलों पर बारी-बारी से राज्य को लूटने का आरोप लगाते हुए मोदी ने कहा कि ये चंदा के लिये आये हैं। उन्होंने राज्य की जनता को इनसे सतर्क रहने की सलाह दी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने चुनावी राज्य त्रिपुरा के राधाकिशोरपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस और वाम दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “जिन्होंने सालों साल बारी-बारी से त्रिपुरा को लूटा और लोगों को तंगी में रहने को मजबूर किया, वे अब एक साथ आ गए हैं। ये चंदा (दान) के लिए एक साथ आए हैं। आपका भला करने नहीं आए हैं। इसलिए त्रिपुरा के लोगों को लेफ्ट-कांग्रेस की दो धारी तलवार से सतर्क रहना होगा।”

मोदी ने त्रिपुरा में गरीबों को घर देने का वादा करते हुए कहा हमने तीन लाख गरीब परिवारों को पक्के घर दिए हैं। उन्होंने कहा, “मैं आज आपसे एक वादा करता हूं कि जिस भी गरीब को अब तक पक्का घर नहीं मिला है, उन्हें भी भाजपा सरकार बनने के बाद घर देने का काम तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।”

भाजपा शासन के तहत राज्य के विकास की सराहना करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और वामपंथी शासन में हजारों गांव सड़क से भी वंचित रह गए थे। लेकिन पिछले 5 साल में हमारी सरकार ने लगभग 5000 गांवों को सड़कों से जोड़ा है। आज त्रिपुरा को मुफ्त राशन मिल रहा है और वह भी पूरा मिल रहा है।

मोदी ने विपक्षी पर हमला जारी रखते हुए कहा कि लोगों के लिए पानी और बिजली तक जुटाना मुश्किल हो गया था। उन्हें मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मिलीं। जिन्होंने पहले दिल्ली और त्रिपुरा पर शासन किया, उन्होंने इन सुविधाओं की कभी परवाह नहीं की। कांग्रेस और लेफ्ट गरीब को और गरीब बनाते हैं। उनके पास गरीबों के लिए अनगिनत नारे हैं, लेकिन उन्होंने कभी उनके दर्द को न समझा। न ही हल किया।

उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में आज शांति है तो यहां के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। अपनी संस्कृति को हीन भावना से देखने वाले लेफ्ट और कांग्रेस वालों ने ना तो अतीत में कुछ किया, ना ही आगे कोई संभावना है।

त्रिपुरा की अपनी दूसरी जनसभा में भी उमड़ी भीड़ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें आशीर्वाद देने के लिए इतनी बड़ी संख्या में यहां आपका आना भाजपा सरकार की वापसी की घोषणा है। यहां रिकॉर्ड संख्या में आपकी उपस्थिति हमारे प्रतिद्वंद्वियों की रातों की नींद हराम कर देगी।

उन्होंने कहा, “आप इतनी दूर-दूर से एनडीए और भाजपा को आशीर्वाद देने आए हैं। उमंग और उत्साह से भरा यह मैदान बता रहा है कि चुनाव के नतीजे क्या होने वाले हैं। आपका रिकॉर्ड संख्या में यहां आना भाजपा सरकार की वापसी का ऐलान कर रहा है। आपकी संख्या देख हमारे विरोधियों की तो नींद ही खराब हो जाएगी।”

प्रधानमंत्री ने भाजपा के लिए वोट की अपील करते हुए कहा कि आपको यह सुनिश्चित करना चाहिए कि त्रिपुरा में एक-एक वोट भाजपा को जाना चाहिए। आपका वोट बहुत मूल्यवान है, और सही विकल्प, ‘कमल’, त्रिपुरा को विकास और समृद्धि के पहले के स्तर तक ले जाएगा।

उन्होंने कहा कि त्रिपुरा के लिए भारतीय जनता पार्टी का संकल्प पत्र वास्तव में आदिवासी समुदायों के विकास पर केंद्रित रहा है। हमारी सरकार आदिवासी परिवारों के कल्याण और उनकी प्रतिष्ठा के लिए प्रतिबद्ध है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button