
तालाब पर नहाने गए 3 चचेरे भाईयों की मौत
जोधपुर- 11 सितंबर। जिले के देचू पुलिस थाना क्षेत्र में सेतरावा गांव में रविवार की शाम को तालाब पर नहाने गए तीन चचेरे भाईयों की पानी में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को देचू चिकित्सालय में भिजवाया गया। बताया कि गहरे पानी में उतरने के साथ गड्डे से बाहर नहीं निकल पाए।
थानाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि सेतरावा में रविवार की शाम को तालाब पर नहाने गए तीन चचेरे भाईयों इराराम पुत्र पूनाराम जाट, हडमानराम पुत्र लछमणराम जाट एवं रामूराम पुत्र तिलाराम जाट की पानी में डूबने से मौत हो गई। इनके पानी में डूबने की जानकारी पर ग्रामीण एकत्र हो गए। बाद में तहसीलदार भी घटनास्थल पर पहुंचे। तालाब की पाळ को जेसीबी की मदर से तुडवाया गया। पानी कम होने पर शवों को बाहर निकलवा कर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। सोमवार को अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।



