
ट्रैक्टर ट्राली में सो रहे ड्राइवर-खालासी पर लोडर ने डाली गिट्टी, 1 की मौत, साथी गंभीर
मीरजापुर- 04 मई। अहरौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनपुर गांव स्थित मां विंध्यवासिनी क्रशर प्लांट पर ट्रैक्टर ट्राली में आराम कर रहे चालक व खलासी पर प्लांट के लोडर ने लापरवाही पूर्वक गिट्टी डाल दिया और दोनों मलबे में दब गए। इससे एक की मौत हो गई, जबकि साथी की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया और घायल को बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस अज्ञात लोडर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई।
अदलहाट थाना क्षेत्र के भुईली खास गांव निवासी संजय उर्फ सनोज (24) पूत्र मुराहु अपने साथी सुनील (25) पुत्र दशमी के साथ सोनपुर घाटी स्थित मां विंध्यवासिनी क्रशर प्लांट पर गिट्टी लोड करने गया था। बुधवार की भोर प्लांट पर अन्य ट्रकों पर गिट्टी लोड होने की वजह से कुछ देर के लिए ट्रैक्टर को वहीं खड़ी कर उसके डाला में दोनों आराम करने लगे। आरोप है कि लोडर चालक ने लापरवाही पूर्वक गिट्टी को बोकेट से उठाकर ट्रैक्टर के डाला में भर दिया।
इससे दोनों गिट्टी के मलबे में दब गए। प्लांट पर मौजूद अन्य लोगों ने शोर मचाकर लोडर चालक को बताया कि दोनों युवक ट्रैक्टर के डाला में दब गए। यह सुन लोडर चालक मौके से भाग गया। वहीं किसी अन्य चालक ने ट्रैक्टर का कंप्रेशर उठाकर डाला को नीचे गिराया और दोनों युवकों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां संजय उर्फ सनोज की मौत हो गई थी। साथी सुनील की स्थिति नाजुक बनी हुई है। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि मृतक संजय के पिता मुराहु की तहरीर पर अज्ञात लोडर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।



