ताज़ा ख़बरें

झारखंड में BJP पर गरजे तेजस्वी, कहा- देश में भाजपा की जहां सत्ता नहीं होती, वहां एजेंसियों के साथ मिलकर खेला करती है

रांची- 12 फरवरी। बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि झारखंड के प्रति हमारा विशेष ध्यान है। महीने में दो दिन मैं राज्य के लोगों के साथ बिताऊंगा और यहां रहकर पार्टी को सींचने का काम करूंगा। देश में भाजपा की जहां भी सत्ता नहीं होती है, वहां चुनी हुई सरकार को पैसा के बूते और सरकार के एजेंसियों के साथ मिलकर देश में भाजपा वाले खेला करते हैं, लेकिन राजद ने बिहार में भाजपा के साथ खेला कर दिया।

तेजस्वी रविवार को राष्ट्रीय जनता दल झारखंड प्रदेश की ओर से बैंक्वेट हॉल में में आयोजित कार्यकर्ता मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमने महागठबंधन बनाकर बिहार से भाजपा को खदेड़ने का काम किया। झारखंड में पार्टी को मजबूत करना है। यदि किसी को लगता है कि झारखंड में राजद कमजोर है, तो वो उनकी भूल है। संगठन में थोड़ी चूक हुई है लेकिन इस बार भूल नहीं करते हुए सब मिलकर संगठन को मजबूत करेंगे। हमारी ताकत बढ़ेगी, तभी झारखंड में महागठबंधन की ताकत बढ़ेगी।

तेजस्वी ने कहा कि भाजपा दलित-पिछड़ा विरोधी पार्टी है। मैंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर झारखंड राजद के कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान देने की बात कही है। जातीय जनगणना को लेकर झारखंड सीएम को सलाह दिया है, ताकि इस राज्य के दबे-कुचले वर्ग का उत्थान हो सके। उन्होंने कहा कि लालू यादव स्वस्थ होकर भारत लौटे हैं। उनका मार्गदर्शन हम सबको मिलेगा और आप जनता के भी मार्गदर्शन की मुझे जरूरत है। संगठन के लिए काम कीजिए, टिकट दिलाने का काम हमारा है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड प्रभारी जयप्रकाश नारायण ने कहा कि संयुक्त बिहार के वक्त भी इस क्षेत्र में पार्टी का प्रभाव रहा है और आज भी यह प्रभाव कम नहीं हुआ है। देश के इकलौते नेता डंके की चोट पर लड़ाई लड़ते रहे। लालू ने साम्प्रदायिक शक्तियों के समक्ष घुटना टेकने का काम नहीं किया। उन्होंने गुलामी और अन्याय को कभी बर्दाश्त नहीं किया।

राष्ट्रीय महासचिव श्याम राजक ने कहा कि देश संकट के दौर से गुजर रहा है। संविधान के घोर विरोधी लोग देश की सत्ता में है। देश में आग लगाने का काम किया जा रहा है। ऐसी साम्प्रदायिक शक्तियों को नेस्तनाबूद करने का समय आ गया है। राजद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दकी ने कहा कि देश की स्थिति क्या है, आज किसी से छुपा हुआ नहीं है। राजद सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता का हिमायती है, जिन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया गया। उन्हें आगे बढ़ाने वाली पार्टी राजद है।

राजद के प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव ने कहा कि सिंगापुर से दिल्ली लौटने के बाद हमारे सुप्रीमो लालू यादव ने कार्यक्रम की जानकारी मुझसे और प्रदेश अध्यक्ष से ली। उनकी आवाज को सुनकर ऐसा लगा कि फिर वही पुराना शेर हमलोगों के बीच लौट गए हैं। हमारे युवा नेता तेजस्वी यादव के संबोधन को सुनकर राजद के सभी कार्यकर्ता क्षेत्र में जाएं और संगठन को मजबूत करने में जुटे। गरीबों की लड़ाई लड़ने वाली कोई पार्टी है तो वो राजद है।

मौके पर पलामू के पूर्व सांसद कामेश्वर बैठा ने राजद की सदस्यता ग्रहण की। गिरिडीह के लक्खी राम मुर्मू, इम्तियाज अंसारी, मुनिलाल साह, जयकांत महतो, गुना राम महतो, डॉ. तुलसी महतो समेत अन्य लोगों ने राजद के नीति सिद्धि से प्रभावित होकर पार्टी का दामन थामा है। मौके पर छऊ नृत्य कर कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी। पद्मश्री मुकुंद नायक की टीम के साथ तेजस्वी मंदार की थाप पर थिरके।

कार्यक्रम में संजय सिंह यादव (प्रदेश अध्यक्ष), संजय प्रसाद यादव (प्रधान महासचिव), सत्यानंद भोक्ता (श्रम मंत्री), जयप्रकाश नारायण (पूर्व केंद्रीय मंत्री सह झारखंड प्रभारी), बिहार सरकार के पूर्व वित्त मंत्री अब्दुल बारी सिद्दीकी, श्याम रजक (राष्ट्रीय महासचिव), घुरण राम (पूर्व सांसद), विशु विशाल (राष्ट्रीय महासचिव युवा मोर्चा), इरफान अहमद अंसारी और सुभाष यादव (लोकसभा प्रत्याशी चतरा) सहित अन्य नेता मौजूद थे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button