
झंझारपुर एवं लखनौर में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान 24 नवंबर को,अधिकारियों ने की बैठक, दिए सख्त निर्देश
मधुबनी-23 नवंबर। मधुबनी नगर भवन में सोमवार को अपर समाहर्ता अवधेश राम की अध्यक्षता में पंचायत आम चुनाव 2021 के अष्टम चरण के लिए नियुक्त सभी जोनल,सेक्टर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बताते चलें कि 24 नवंबर 2021 को जिले के दो प्रखंडों झंझारपुर एवं लखनौर में पंचायत चुनाव संपन्न होने हैं। मतदाताओं की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए झंझारपुर के कुल-17 पंचायतों के लिए 240 मतदान केंद्र एवं लखनौर के 17 पंचायतों के लिए 230 मतदान केंद्रों की स्थापना की गई है। आठवें चरण के चुनाव में झंझारपुर से जिला परिषद के 3,पंचायत समिति के 23,मुखिया के लिए 17 इतने ही सरपंच के लिए और ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए 233 एवं इतने ही पंचों के लिए चुनाव होने हैं। वहीं लखनौर से जिला परिषद के 2,पंचायत समिति के 22,मुखिया के लिए 17 इतने ही सरपंच के लिए एवं ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए 225 एवं इतने ही पंचों के लिए चुनाव होने हैं। अपर समाहर्ता ने सभी दंडाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जितनी बार भी मतदान केंद्रों पर जायजा लेने पहुंचे,उतनी बार विजिट शीट पर हस्ताक्षर अवश्य करें। इतना ही नहीं किसी मतदान केंद्र पर आपको अधिक भीड़ भाड़ मिले,तो उसे नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। मतदान निश्चित रूप से अपने निर्धारित समय सुबह के 7 बजे से शुरू हो जाना चाहिए। यदि किसी भी मतदान केंद्र पर 5 बजे अपराह्न में भी मतदाता कतार में खड़े हैं, तो सबसे पिछले व्यक्ति से एक की संख्या से पर्ची वितरित किया जाय। इसके बाद आने वाले किसी भी व्यक्ति को मतदान में भाग लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। दोनों प्रखंडों के रिजर्व ईवीएम आर. के. कॉलेज के परीक्षा भवन में जमा किए जाने के भी निर्देश हैं। मौके पर डीडीसी विशाल राज,जिला गोपनीय शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी सुरेन्द्र कुमार,जिला पंचायतराज पदाधिकारी सह जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार के साथ-साथ जिले के सभी वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।



