
जेपी आंदोलन दिवस पर होगा राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन
नई दिल्ली-05 अप्रैल। ‘जेपी आंदोलन दिवस’ के अवसर पर एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 8 अप्रैल, 2022 को किया जा रहा है। इस संगोष्ठी में ‘ग्राम स्वराज एवं अंत्योदय: गांधी जेपी के सर्वोदय की कल्पना का समाज’ विषय पर चर्चा होगी। यह जानकारी लोकनायक जयप्रकाश अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विकास केंद्र के राष्ट्रीय महासचिव अभय सिन्हा ने मंगलवार को दी है।

अभय सिन्हा ने एक बयान जारी की बताया कि जयप्रकाश अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विकास केंद्र एवं गांधी स्मृति दर्शन समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति राजघाट नई दिल्ली परिसर में स्थित सत्याग्रह मंडप सभागार में 8 अप्रैल 2022 को होगा। उन्होंने बताया कि लोकनायक जयप्रकाश अंतरराष्ट्रीय अध्ययन अंतरराष्ट्रीय केंद्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री ब्रज किशोर त्रिपाठी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे, जबकि कार्यक्रम का संचालन इलाहाबाद विश्वविद्यालय की आर्य कन्या डिग्री कॉलेज की सह प्राध्यापिका डा. रंजना त्रिपाठी करेंगी।
सिन्हा ने बताया कि इस अवसर पर संस्कृति एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री, अर्जुन राम मेघवाल, इस्पात एवं भारी उद्योग राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल सांसद, सुधींद्र भदौरिया राष्ट्रीय प्रवक्ता बसपा एवं सुप्रसिद्ध जेपी सेनानी, डा रंजना कुमारी निदेशक सोशल रिसर्च इंडिया, राजीव बोरा सुप्रसिद्ध गांधीवादी एवं अध्यक्ष स्वराज पीठ ट्रस्ट, रघु ठाकुर सुप्रसिद्ध समाजवादी विचारक एवं संरक्षक लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी, डॉक्टर संदीप मारवाह अध्यक्ष एशियन एकेडमी ऑफ़ फिल्म एंड टेलिविजन, वेद प्रताप वैदिक वरिष्ठ पत्रकार, राजीव रंजन प्रसाद, राष्ट्रीय सचिव एवं प्रवक्ता जद (यू), दीपांकर श्रीज्ञान निदेशक गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति, चंद्रशेखर प्राण, पूर्व राष्ट्रीय निदेशक, नेहरू युवक केंद्र गणमान्य अतिथि अपने विचार व्यक्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर सुप्रसिद्ध जेपी सेनानी सुधींद्र भदौरिया, श्रीमती रंजना कुमारी और अरुण श्रीवास्तव को ‘जेपी सेनानी सम्मान’ से लोकनायक जयप्रकाश अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विकास केंद्र सम्मानित करेगा। कार्यक्रम के अंत में ग्लोबल इंडियन आर्ट एंड कल्चर के निदेशक एवं कत्थक नृत्यांगना डॉक्टर सुमिता दत्ता राय सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा दिल्ली की अन्य महत्वपूर्ण सांस्कृतिक संस्थाओं के द्वारा कार्यक्रम में देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया जाएगा। इसके पश्चात जीकेसी की प्रबंध न्यासी श्रीमती रागिनी रंजन कार्यक्रम की विविधताओं के बारे में चर्चा करेगी एवं धन्यवाद ज्ञापन करेंगी।



