
जिला परिषद सदस्य युवती का जंगल में फंदे से लटका मिला शव
शिमला- 23 नवम्बर। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के उपनगर समरहिल के जंगल में एक युवती का शव पेड़ पर फांसी पर लटकता हुआ मिला। इस घटना से शहर में सनसनी फैल गई। मृतक युवती कविता कंटूू (26) रामपुर की रहने वाली है और रामपुर उपमंडल के झाकड़ी वार्ड से जिला परिषद सदस्य है। इसी साल जनवरी माह में वह जिला परिषद निर्वाचित हुई थी तथा उसे माकपा का समर्थन हासिल था। अभी यह साफ नहीं हुआ है कि युवती ने खुदकुशी की है या उसे सुनियोजित तरीके से मौेत के घाट उतारा गया है।
मंगलवार सुबह बालूगंज पुलिस को सूचना मिली कि समरहिल से सटे सांगटी क्षेत्र के जंगल में युवती ने फांसी लगा ली है और शव पेड़ पर लटका है। बालूगंज थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस दल मोैके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। फारेंसिक विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल में जुट गई है। शव पेड़ पर दुपट्टे के साथ लटका था। कविता कंटू अपने माता-पिता की इकलोैती संतान थी। वह समरहिल स्थित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की मेधावी छात्रा थी। कविता ने प्रदेश विश्वविद्यालय से इतिहास में एमफिल की डिग्री हासिल की थी। इसके अलावा उसने यूजीसी की नैट परीक्षा भी उतीर्ण की थी। एसपी शिमला डाॅक्टर मोनिका भुटंगरू ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है। मामले में जांच जारी है।



