
जाति पर नहीं,जनता के मुद्दों पर लड़ना चाहिए चुनाव : प्रियंका वाड्रा
नोएडा- 03 फरवरी। कांग्रेस पार्टी की महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव जाति और साम्प्रदायिकता पर नहीं जनता के मुद्दों पर लड़ा जाना चाहिए।
योगी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जाति, सम्प्रदाय के नाम पर भाजपा जनता के बीच में दरार डाल रही है, जबकि असल मुद्दों पर वह चुप है। उन्होंने कहा कि महंगाई रिकॉर्ड तोड़ रही है। बेरोजगारी पिछले 50 वर्ष के सबसे उच्च स्तर पर है, लेकिन सरकार सो रही है।
प्रियंका ने गुरुवार को दादरी, सिकंदराबाद, अनूपशहर और स्याना विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए डोर-टू-डोर कैंपेन, रोड शो और जनसंपर्क किया।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं का शोषण हो रहा है। किसानों को कुचला जा रहा है। उनकी फसल का उचित दाम नहीं दिया जा रहा है। छात्रों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। कांग्रेस की प्रतिज्ञाओं को लोगों को बताते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के उम्मीदवार को वोट कीजिए, कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रतिज्ञाओं और वादों को पूरा किया जाएगा और सरकार की जनता के प्रति जवाबदेही तय होगी।
सिकंदराबाद में प्रचार अभियान के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने कहा कि जो जनता के मुद्दे हैं और वही उठने चाहिए और उन्हीं पर चर्चा होनी चाहिए। जनता जानना चाहती है कि विकास के लिए क्या किया है,क्या सड़कें बनाई हैं, क्या शिक्षा के लिए संस्थान बनाए हैं।
उन्होंने कहा कि जाति पर आधारित और साम्प्रदायिकता पर आधारित चुनाव नहीं लड़ना चाहिए और जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।



