बिहार

 जाति जनगणना पर होगी ऑल पार्टी मीटिंग: CM नीतीश

पटना- 16 मई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को भगवान बुद्ध की 2566 वीं जयंती पर बुद्ध स्मृति पार्क में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भगवान बुद्ध की पूजा अर्चना की। इस मौके पर जातिगत जनगणना के संबंध में पत्रकारों के प्रश्न का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसको लेकर एक बार ऑल पार्टी मीटिंग की जाएगी। सभी दलों के लोग इस पर अपना सुझाव देंगे। इसके बाद फाइनल रूप देकर इसे कैबिनेट से स्वीकृति लेकर आगे काम किया जाएगा।

सीएम ने कहा कि ऑल पार्टी मीटिंग के लिए जल्द ही सभी दलों से एक तिथि तय किया जाएगा। बैठक में एक-एक चीजों पर चर्चा कर सभी कुछ तय किया जाएगा। राज्य में जातीय जनगणना किस प्रकार किया जाएगा इस पर चर्चा होगी। जातीय जनगणना ठीक प्रकार से हो उसके लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लगाया जाएगा। सभी दलों के सुझाव पर सरकार एक अंतिम नियम बनाकर उस पर आगे काम करेगी। मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मंत्रिमंडल का विस्तार होगा तो आप लोगों को पता चल जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सबको मालूम है कि वर्ष 2007 में निर्णय लिया गया था कि यहां पर बुद्ध स्मृति पार्क बनाया जायेगा। बुद्ध स्मृति पार्क जब बनकर तैयार हुआ तो यहां सारी सुविधाएं उपलब्ध करायी गई। हम यहां हमेशा आते रहे हैं। पिछले दो वर्ष से कोरोना के कारण यहां नहीं आ पाए थे।

सीएम ने कहा कि यहां के बुद्ध म्यूजियम में भी बुद्ध से जुड़ी हुई चीजें लोग आकर देखते हैं। बच्चे-बच्चियां भी यहां आकर बुद्ध से संबंधित कई प्रकार की जानकारियां प्राप्त करते हैं। यहां कई प्रकार के कार्य किए गए हैं, बोधि वृक्ष भी लगाए गए हैं। लोगों को यहां आकर काफी प्रसन्नता होती है। यहां टूरिज्म को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का भी आयोजन हुआ था। बुद्ध स्मृति पार्क को एक विशिष्ट जगह के रूप में विकसित किया गया है। आज भगवान बुद्ध के स्मृति का दिन है। यहां लोग आएंगे तो उन्हें कई प्रकार की जानकारी मिलेगी, उनका ज्ञान बढ़ेगा, अच्छी समझ विकसित होगी और वे जीवन में अच्छे मार्ग पर आगे बढ़ेंगे। विकास के लिए बेहतर ढंग से काम करेंगे। दुनिया के कई देशों में भगवान बुद्ध को लोग मानते हैं। इस विशेष मौके पर हम उन्हें नमन करते हैं।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने 1 अणे मार्ग तथा 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास पहुंचकर बौद्ध शिला तथा बोधिवृक्ष की पूजा अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने विपश्यना केंद्र जाकर वहां की सारी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और वहां ध्यान भी किया। विपश्यना केंद्र के संचालकों ने विपश्यना केंद्र के निर्माण एवं वहां उपलब्ध करायी जानेवाली सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

विपश्यना केंद्र में ध्यान के पश्चात् अपने शुभ संकल्प संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि विपश्यना केंद्र बनाने को लेकर एक टीम जिस दिन मुझसे मिली थी उसी दिन इसके विशेषज्ञ सत्यनारायण गोयनका जी का निधन हो गया था। यह संयोग है कि जब यह तय किया गया तो वो उसी दिन चले गए। उन्हीं की आवाज में 10 मिनट का यह ध्यान किया जाता है। उनकी अच्छी आवाज थी। वैसे तो हमलोग पहले से ही इसे बना रहे थे। जब विपश्यना के बारे में पूरी जानकारी मिल गई तो यह तय किया कि यहां विपश्यना केंद्र बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम भी सुबह टहलने के बाद 10 मिनट विपश्यना प्रक्रिया करते हैं तो काफी अच्छा महसूस होता है। यहां पर आकर 10 दिनों तक लोग पूरे तौर पर एक-एक चीज को समझेंगे और एक-एक चीज का अध्ययन करेंगे।

सीएम ने कहा कि विपश्यना में आने वाले लोगों के लिए रहने, खाने की व्यवस्था की गई है। एक-एक चीज का ख्याल रखा गया है। कहां पर उन्हें सिखाया जाएगा, कहां पर वो आराम करेंगे, कहां पर भोजन का इंतजाम होगा, ये सब काम करा दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैशाली का अलग महत्व है। यहां बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय बहुत अच्छे ढंग से बनाया जा रहा है। बिहार में टूरिस्ट की संख्या बढ़ती जा रही है। देश के लोग तो यहां आते ही हैं विदेशों से भी भारी संख्या में पर्यटक आते हैं। पर्यटक बोधगया और राजगीर तो जाते ही हैं हम चाहते हैं कि वे वैशाली भी जाएं। बोधगया में भगवान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। राजगीर में वे उपदेश देते थे, यहां आकर रहते भी थे। राजगीर में वो जहां रहते थे उसका भी एक्सपेंशन किया गया है। भगवान बुद्ध ने वैशाली में पहली बार महिलाओं का बौद्ध संघ में प्रवेश कराया था। यहां जहां बुद्ध स्मृति पार्क बना हुआ है, वहां पहले जेल हुआ करता था। हमलोग भी जेपी मूवमेंट में यहां जेल में रहे थे। उन्होंने कहा कि बुद्ध स्मृति पार्क में लोग आएंगे और सब कुछ जानेंगे।

सीएम ने कहा कि बच्चे-बच्चियां भी यहां उपस्थित हैं मुझे देखकर काफी खुशी हो रही है। ये अच्छी बात है कि बच्चे-बच्चियों को भी इसमें रुचि बढ़ रही है, इससे उनका ज्ञान बढ़ेगा और मन भी मजबूत होगा। आपस में प्रेम का भाव रखना है, किसी से विवाद नहीं करना है, ये सब बातें लोग यहां आकर सीखेंगे यह अच्छी बात है। मुझे आज यहां आने का मौका मिला और यहां आकर खुशी हो रही है।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने बुद्ध म्यूजियम का भी भ्रमण किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button