
जम्मू कश्मीर में 5-7 दिसंबर के दौरान बारिश व बर्फबारी की संभावना
जम्मू-29 नवंबर। जम्मू कश्मीर में ठंड का दौर जारी है। जम्मू संभाग में दिन में हालाकि धूप निकलने का सिलसिला बरकरार है लेकिन रात और सुबह शीत लहर का प्रकोप बना हुआ है। इसी बीच मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि 5-7 दिसंबर के बीच जम्मू कश्मीर में बारिश तथा बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि बर्फबारी और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी जबकि जोजिला, सिंथन टॉप, राजदान टॉप, मुगल रोड जैसे मार्ग अस्थायी रूप से बाधित हो सकते हैं।
उन्होंने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ के 5-7 दिसंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर को प्रभावित करने की सबसे अधिक संभावना है। इस अवधि के दौरान व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की उम्मीद है। इस दौरान ऊंचे इलाकों (2000 मीटर से ऊपर) पर कुछ स्थानों पर भारी हिमपात (1-2 फीट) हो सकता है जबकि मैदानी इलाकों में 2-3 इंच हिमपात होने की संभावना है। । उन्होंने कहा कि आज की स्थिति में मैदानी इलाकों में भारी हिमपात और बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है।
इस बीच जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 1.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.0, पहलगाम में शून्य से नीचे 3.4, कोकेरनाग में शून्य से नीचे 0.5, कुपवाड़ा शहर में शून्य से नीचे 1.6 तथा प्रसिद्ध स्कीइंग रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
लद्दाख के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि कारगिल शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दूसरे सबसे ठंडे स्थान कारगिल में द्रास का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 11.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।



