
घर पर ही ठीक हो रहे हैं अधिकतर कोविड मरीज, पॉजिटिविटी दर भी मात्र 5.94 प्रतिशत
धौलपुर- 18 जनवरी। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए धौलपुर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सभी ऐतिहाती उपाय किए जा रहे हैं। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जिले में कोरोना सैंपल जांच की संख्या बढ़ाकर औसतन प्रतिदिन एक हजार के लगभग की गई है। हालांकि इससे पॉजीटिव लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। लेकिन कोरोना पॉजिटिव मरीजों का जल्दी पता लगने से समय पर उपचार मिलने से जल्द ही रिकवर भी हो रहे हैं।
जिला कलेक्टर राकेश कुमार जायसवाल ने बताया कि जिले में संक्रमण दर के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए सैम्पलिंग संख्या में विस्तार किया गया है। कोरोना की अधिकाधिक जांच से मरीजों की जल्द पहचान कर चिकित्सा प्रांरभ की जा रही है। समस्त उपखंड क्षेत्रों में चिकित्सा विभाग टीमों द्वारा तत्काल मौके पर मेडिकल किट उपलब्ध करवा रही है। चिकित्सा एवं विभाग को जांच के क्रम में ब्लॉक तथा मोहल्ले वार पॉजिटिव आने वाले मरीजों का विश्लेषण कर संवेदनशील स्थानों पर फोकस कर जांच कराने व नियमित फॉलोअप करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए वंचित लाभार्थियों का टीकाकरण करने के निर्देश दिए हैं साथ ही हैल्थ केयर वर्कर्स, फ्रण्ट लाइन वर्कर्स तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के गंभीर बीमारियों से ग्रस्त व्यक्तियों को प्रिकॉशन डोज लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मास्क लगाना, सोशल डिस्टेंसिंग रखना, बार-बार हाथ धोना एवं भीड़भाड़ में जाने से बचने की अपील की है। जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले में जहां एक और लगातार बढ़ती सैम्पलिंग से कोरोना मामलों में इजाफा हुआ, तो वही दूसरी ओर मरीज भी जल्दी रिकवर हो रहे हैं। पिछले सात दिनों में लगातार सैम्पलिंग बढ़ी है विगत एक जनवरी से अब तक कुल 11 हजार 379 सैम्पल लिए गए हैं। जिसमें से 676 व्यक्ति पॉजिटिव आये हैं। इस प्रकार वर्तमान पॉजिटिविटी रेट 5.94 प्रतिशत है। वर्तमान में कुल 609 एक्टिव केस हैं, जिनमें 606 मरीज होम आइसोलेशन में है तथा 3 संस्थागत क्वारेंटीन है। जिला कलेक्टर ने बताया कि कोविड की प्रथम लहर के समय ही चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर और मजबूत बनाने के प्रयास किये गए जिसके चलते दूसरी लहर में कोविड के गंभीर मरीज भी बेहतर उपचार सुविधा से जिला स्तर पर ही पूर्ण स्वस्थ हुए। वर्तमान में जिला स्तर पर ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट से 200 सिलेंडर प्रतिदिन की आपूर्ति है। कोविड उपचार के लिए252 कोविड बैड, 142 ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर सहित अत्यावश्यक दवाओं की उपलब्धता है।



