
गोपालगंज विस उप चुनाव- मतदान से पूर्व बाहरी लोगों को छोड़ना होगा जिला,नहीं तो होगी गिरफ्तारी: डीएम
गोपालगंज- 26 अक्टूबर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह- जिला पदाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार द्वारा संयुक्त रूप से विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन 22 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गयी। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सख्ती बरती जा रही है। आचार संहिता के दायरे में चुनाव संपन्न कराने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा है कि मतदान से 48 घंटे पहले ही बाहर से आकर गोपालगंज विधानसभा क्षेत्र में रह रहे लोगों को जिला छोड़ना होगा अन्यथा उनके ऊपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि उप चुनाव को शांतिपूर्र्ण, निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में आदर्श आचार संहिता का पालन करने और सहयोग देने की अपील राजनीतिक दलों के लोगों,अभिकर्ताओं के अलावा मतदाताओं से की है।
समीक्षा बैठक में आर्म्स वेरीफिकेशन रिपोर्ट,छ:माह के अन्दर और छ:माह पुराने वारंटियों पर की गयी कार्रवाई,सीसीए प्रपोजल भेजी जा चुकी लिस्ट,सीज की गयी शराब और छापेमारी की कार्रवाई,एम सी सी के इन्फोर्समेन्ट,सुरक्षा बलों की तैनाती के प्लान पर विस्तृत चर्चा की गई। जिसमें सुरक्षा बलों के क्षेत्रवार डॉमीनेशन,संवेदनशील टोले के साथ ही बूथ पर तैनाती आदि के प्लान की समीक्षा की गयी।
चिन्हित किए गए चेक प्वाइंट और नाका के बारे में,पेट्रोलिंग पार्टी,जोनल,सुपर जोनल की तैयारियों के ज्वॉइंट ऑर्डर,मतदान दिवस के दिन रिजर्व ईवीएम की तैयारियों,मतदान दिवस के दिन विद्युत व्यवस्था,मॉडल बूथ,महिला बूथ,मिक्स्ड एवं पॉर्टेबल बूथ की व्यवस्था जोनल,पीठासीन पदाधिकारी और मतदान अधिकारी के वाहनों की व्यवस्था आदि की समीक्षा की गयी।



