भारत

गृहमंत्री शाह का जैसलमेर दौरा : जवानों को केशलैस इलाज का तोहफा, अब परिवार के साथ रह सकेंगे 100 दिन

जोधपुर- 04 दिसम्बर। देश के गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि सभी जवानों का केशलैस इलाज होगा। इसके लिए जवानों के लिए हैल्थ कार्ड की सुविधा की जा रही है। साथ ही सीमा सुरक्षा बल सहित अर्धसैनिक बलों के जवान अब परिवार के साथ सौ दिन रह पाएंगे। गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को रोहतास चौकी पर सैनिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जवान एक साल में सौ दिन अपने परिवार के साथ रह पाएं, इसकी भी व्यवस्था हम कर रहे हैं। उन्होंने हेल्थ कार्ड की भी सौगात दी। अगले वर्ष की फरवरी माह तक जवानों को 25 लाख हेल्थ कार्ड जारी किए जाएंगे। वे शनिवार को जैसलमेर दौरे पर रहे। शाह रविवार को भी जैसलमेर प्रवास पर रहेंगे। वे यहां बीएसएफ के 57वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने आए हैं।

शाह ने सैनिक सम्मेलन में कहा कि सभी जवानों का कैशलेस इलाज होगा। इसके लिए फरवरी महीने तक करीब 25 लाख कार्ड जारी किए जाएंगे। इसके तहत सेना के जवान अपने परिवार के लोगों का निशुल्क इलाज करा सकेंगे। उन्होंने सैनिक सम्मेलन में तनोट माता मंदिर के चमत्कार का भी जिक्र किया।

शाह ने अपने संबोधन में जवानों की जिंदगी को कठिनाईपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जवानों की कठिनाईपूर्ण जिंदगी को कुछ कम किया जा सकता है। आज मैं भी यहां आया हूं। इस रोहितास चौकी का इतिहास में नाम लिखा है, जो कि स्मरणीय है। पाकिस्तान के साथ हुए दोनों युद्ध में सेना के साथ बीएसएफ जवानों ने अपनी वीरता का परिचय दिया वो भुलाया नहीं जा सकता है। जवानों के जज्बे को पूरा हिंदुस्तान सलाम करता है।

दोपहर में पहुंचे तनोट माता मंदिर—

गृहमंत्री शाह ने इससे पहले शनिवार दोपहर 3.30 बजे तनोट माता मंदिर से दर्शन किए। शाम पांच बजे वे रोहतास बॉर्डर पहुंचे। यहां से वे सेंड मोर्चा नंबर तीन पर सनसेट देखने निकल गए। जहां से वे भारत-पाकिस्तान सीमा पर तारबंदी पर पहुंचे। यहां उन्होंने तारबंदी के साथ शिफ्टिंग सेंड्यूज की जानकारी ली।

सैनिक सम्मेलन के बाद जवानों से मुलाकात—

सैनिक सम्मेलन के बाद शाह ने सेना के जवानों से मुलाकात की और उनके देशप्रेम के जज्बे को सलाम किया। शनिवार की रात वे रोहतास बॉर्डर पोस्ट पर ही विश्राम करेंगे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी मौजूद हैं।

चौकी पर दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर—

रोहितास चौकी पर शाह को बीएसएफ की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। शाह ने विजय स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने बीएसएफ की हैट भी पहनी। इसके बाद वे मंदिर पहुंचे,जहां तनोट माता के दर्शन किए। यहां वे करीब दस मिनट तक रुके। इसके बाद उन्होंने सेना के जवानों के साथ सेल्फी भी ली।

दोपहर ढाई बजे जैसलमेर स्टेशन पर पहुंचे—

गृह मंत्री अमित शाह दो दिन के प्रवास पर जैसलमेर आए हैं। वे शनिवार की दोपहर ढाई बजे जैसलमेर एयरफोर्स स्टेशन पहुंचे। एयरफोर्स स्टेशन पहुंचने पर सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक पंकज कुमार सिंह और राजस्थान फ्रंटियर के महानिरीक्षक पंकज घूमर ने शाह की अगवानी की तथा सीमा सुरक्षा बल, भारतीय वायुसेना, सेना, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। पांच दिसम्बर को गृह मंत्री विशेष विमान द्वारा सवेरे सात बजे के करीब जैसलमेर के सम रोड स्थित बीएसएफ बटालियन पहुंचेंगे, जहां वे वीर जवानों को संबोधित करेंगे। उसके बाद वे शहर के शहीद पूनम सिंह स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां बीएसएफ के राइजिंग डे कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह 8:30 बजे शुरू होगा, जो 3 घंटे तक चलेगा। इसमें बीएसएफ के जवान विभिन्न प्रस्तुतियां देंगे। शाह बीएसएफ में सराहनीय सेवाएं देने वाले जवानों व उनके परिजनों को सम्मानित भी करेंगे। उसके बाद अमित शाह जवानों को संबोधित करेंगे। 11:30 बजे गृहमंत्री शहीद पूनम सिंह स्टेडियम से रवाना होकर विशेष विमान से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

दौरे को लेकर किया ट्वीट:

गृहमंत्री शाह ने राजस्थान दौरे से पहले उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि अपने दो दिवसीय प्रवास पर वीरभूमि राजस्थान में रहूंगा। आज जैसलमेर में बीएसएफ के बॉर्डर आउट पोस्ट पर बहादुर जवानों से मुलाकात करूंगा।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button