ताज़ा ख़बरें

गिरावट के बावजूद अडाणी के निवेशकों को शेयर बाजार ने किया मालामाल

नई दिल्ली- 19 अगस्त। शेयर बाजार में आज दिन भर कारोबार के दौरान जोरदार गिरावट का रुख बना रहा। बाजार में गिरावट के कारण निवेशकों के करोड़ों रुपये डूब गए लेकिन अडाणी ग्रुप की चार कंपनियों ने अपने निवेशकों को मालामाल कर दिया। इन चारों शेयरों में जोरदार तेजी का रुख बना रहा। अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के शेयर आज शानदार तेजी दिखाते हुए 8.3 प्रतिशत की छलांग के साथ 2,484 रुपये के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच गए। इसी ग्रुप की तीन अन्य कंपनियों के शेयर भी रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गए।

श्रीलंका ने 2 दिन पहले ही अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड को अपने देश में दो विंड प्रोजेक्ट लगाने के लिए अस्थाई मंजूरी दी है। यह दोनों प्रोजेक्ट करीब 50 करोड़ डॉलर की लागत से श्रीलंका के उत्तरी प्रांत के मन्नार और पुनरिन में लगाए जाने हैं। अडाणी ग्रीन एनर्जी मन्नार में 286 मेगावाट बिजली और पुनरिन में 234 मेगावाट विंड एनर्जी का उत्पादन करेगी। गुरुवार को ही श्रीलंका के ऊर्जा और बिजली मंत्री कंचना विजयसेकरा ने आधिकारिक तौर पर इस संबंध में मीडिया को जानकारी उपलब्ध कराई थी।

श्रीलंका सरकार की ओर से अडाणी ग्रीन एनर्जी को मिले दो विंड प्रोजेक्ट का सकारात्मक असर आज भारतीय शेयर बाजार में अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के शेयर प्राइस पर भी देखने को मिला। कल से लेकर आज तक की अवधि में अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के शेयर की कीमत में 11.5 प्रतिशत की तेजी आ चुकी है।

अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के अलावा भी आज का दिन अडाणी ग्रुप की तीन और कंपनियों के लिए काफी मुनाफे वाला दिन साबित हुआ। ग्रुप की इन तीन कंपनियों के शेयर आज रिकॉर्ड हाई पर पहुंचकर ट्रेड करते नजर आए। अडाणी ग्रुप की कंपनी अडाणी पावर, अडाणी ट्रांसमिशन और अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर आज बाजार में कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से नई ऊंचाई पर पहुंच गए। हालांकि बाद के कारोबार में इन शेयरों के भाव में कुछ कमी जरूर आई, लेकिन दिन के कारोबार में इन तीनों कंपनियों के शेयरों ने ऑल टाइम हाई का रिकॉर्ड बनाया।

अडाणी पावर के शेयर आज 418.85 रुपये के ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंचे। बाद में इन शेयरों ने 411.95 के स्तर पर आज के कारोबार का अंत किया। इसी तरह अडाणी इंटरप्राइजेज के शेयर ने भी आज 3,258.90 रुपये के ऑल टाइम हाई का रिकॉर्ड बनाया जबकि अडाणी ट्रांसमिशन के शेयर आज 3,694 रुपये के ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंचे।

आज शेयर मूल्य में आई जोरदार तेजी के बाद अडाणी पावर के मार्केट कैपिटलाइजेशन में भी जबरदस्त इजाफा हुआ। शेयर मूल्य में तेजी की वजह से अडाणी पावर का मार्केट कैप सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एनटीपीसी से भी अधिक हो गया। एनटीपीसी का मार्केट कैप 1.5 लाख करोड़ रुपये है, जबकि अडाणी पावर का मार्केट कैप आज बढ़कर 1.6 लाख करोड़ रुपये हो गया।

अडाणी पावर के शेयरों ने अपने निवेशकों को 1 महीने के दौरान जबरदस्त रिटर्न दिया है। पिछले 1 महीने की अवधि में अडाणी पावर के शेयर 41 प्रतिशत तक मजबूत हो चुके हैं। इस 1 महीने की अवधि में सेंसेक्स में सिर्फ 10 प्रतिशत की तेजी आई है। अगर साल 2022 की बात की जाए तो अभी तक अडाणी पावर के शेयर की कीमत 3 गुनी हो चुकी है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button