खरगोन- 24 अप्रैल। मध्य प्रदेश के खरगोन शहर में बीती 10 अप्रैल को रामनवमी के मौके पर हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया था। इसके बाद से उपद्रवियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई हुई। फिलहाल, शहर के हालात सामान्य हो रहे हैं और सोमवार, 25 अप्रैल से कृषि उपज मंडी भी खोल दी जाएगी।
शहर में 10 अप्रैल को हुई हिंसा के बाद लागू कर्फ्यू में चार दिन बाद यानी 14 अप्रैल को पहली बार दो घंटे की ढील गई थी। इसके बाद से शहर के हालात लगातार सामान्य हो रहे हैं। हालांकि, शहर में अभी भी भारी पुलिस बल तैनात है और संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी की जा रही है। रविवार को भी कर्फ्यू में नौ घंटे की ढील दी गई थी। इस दौरान लोगों ने बाजारों में पहुंचकर आवश्यक सामग्री की खरीदारी की।
अपर कलेक्टर एसएस मुजाल्दा ने बताया कि कृषि मंडी को लेकर एसडीएम मिलिंद ढोके ने रविवार को मंडी के व्यपारियों के साथ बैठक की। सभी ने सोमवार से अनाज एवं कपास मंडी को छूट देने के लिए अनुरोध किया। साथ ही व्यापारियों ने किसानों से अनुरोध किया कि एक वाहन के साथ एक ही व्यक्ति आए और अपनी उपज दी गई छूट के समय में ही लेकर आएं। ये छूट धारदार हथियार जैसे चाकू-छुरी, हंसिया, दराती, फाल्या की दुकानें, धार्मिक स्थल, पेट्रोल पंप और केरोसिन पर लागू नहीं होगी।
खरगोन में सोमवार को कर्फ्यू में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक ढील रहेगी। इस दौरान पहले दी गई छूट की तरह ही बाजार खुलेगा। महिला और पुरुष दोनों खरीदारी कर सकते हैं। गाड़ियों पर अभी भी पाबंदी है। स्थानीय कृषि मंडी, पेट्रोल पंप और केरोसिन पर यह छूट लागू नहीं होगी।
वहीं, जवाहर नवोदय विद्यालय की परीक्षा 30 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक करने के निर्देश हैं। जिला शिक्षा अधिकारी एमएल वास्कले ने आदेश जारी किए हैं। शासकीय कन्या उमावि क्र. 01 खरगोन के स्थान पर परीक्षा केंद्र शासकीय कन्या उमावि मेनगांव को बनाया है। इसी प्रकार शासकीय बालक उमावि क्र. 02 खरगोन का स्थान परिवर्तन कर शासकीय आदर्श आवासीय उमावि भाड़ली को केंद्र बनाया है।