
क्वाड देशों की ऑनलाइन शिखर वार्ता में छाया यूक्रेन पर रूस का हमला
नई दिल्ली- 03 मार्च। भारत,अमेरिका,जापान एवं ऑस्ट्रेलिया के संगठन क्वाड्रिलेटरल सेक्योरिटी डॉयलाग (क्वाड) की ऑनलाइन शिखर वार्ता में भी यूक्रेन पर रूस का हमला छाया रहा। भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजनयिक प्रयासों और संवाद के सहारे समाधान पर जोर दिया।
यूक्रेन पर रूस का हमला लगातार तेज होता जा रहा है। इसी बीच क्वाड देशों की ऑनलाइन शिखर वार्ता में भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन, जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने हिस्सा लिया। वार्ता के दौरान यूक्रेन पर रूस के हमले से उत्पन्न स्थितियों पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यूक्रेन और रूस दोनों को राजनयिक और संवाद के पथ पर लौटने की जरूरत है। बातचीत और राजनयिक प्रयासों से ही इस समस्या का समाधान हो सकता है। नेताओं ने क्षेत्रीय संतुलन के लिए संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के पालन पर जोर दिया। नेताओं ने भारतीय उपमहाद्वीप सहित विश्व के विभिन्न हिस्सों की गतिविधियों पर चर्चा की। सभी नेता आपस में संवाद व संपर्क बनाए रखने और जापान में प्रस्तावित शिखर वार्ता के एजेंडे पर भी सक्रिय रहने पर सहमत हुए। बैठक में सितंबर 2021 में हुए क्वाड सम्मेलन में लिए गए फैसलों के क्रियान्वयन की समीक्षा भी की गयी। सभी नेता आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए। साथ ही जापान में प्रस्तावित सम्मेलन में मजबूत निर्णयों तक पहुंचने का संकल्प भी लिया गया। सभी देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने सतत संवाद जारी रखने पर जोर दिया।



