
क्रीमिया में रूसी नौसेना के काला सागर मुख्यालय पर यूक्रेन का मिसाइल हमला
सेवस्तोपोल-22 सितंबर। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को क्रीमिया में रूसी नौसेना के काला सागर बेड़े के मुख्यालय पर यूक्रेन ने मिसाइलों से हमला किया।
क्रीमिया के सबसे बड़े शहर सेवस्तोपोल के गवर्नर मिखाइल रज़वोझायेव ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि बेड़े के मुख्यालय को निशाना बनाकर यूक्रेन ने मिसाइल दागी। सेवस्तोपोल के क्रीमिया बंदरगाह में रूस की काला सागर नौसेना के मुख्यालय पर हुए यूक्रेनी मिसाइल के हमले से आग लग गयी। दरअसल, रूस ने वर्ष 2014 में क्रीमिया को यूक्रेन से छीन लिया था। इसके बाद से यूक्रेन इसे वापस पाने के लिए प्रयासरत है। पिछले वर्ष यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन लगातार क्रीमिया को ही लक्ष्य बनाकर हमला कर रहा है।
सेवस्तोपोल के गवर्नर मिखाइल रज़वोझायेव ने बताया कि यूक्रेनी मिसाइल के टुकड़े एक थिएटर के पास गिरे थे। उन्होंने चेतावनी दी कि एक और यूक्रेनी हवाई हमला जल्द ही हो सकता है। उन्होंने शहर में रहने वाले पांच लाख से अधिक लोगों से घरों के अंदर रहने को कहा। उन्होंने लिखा, सभी लोग ध्यान दें! एक और हमला संभव है। कृपया शहर के केंद्र पर न जाएं। इमारतें मत छोड़ें। गवर्नर ने कहा कि बेड़े के मुख्यालय के पास मौजूद हर व्यक्ति सायरन की आवाज सुनकर आश्रय स्थलों की ओर बढ़ जाएं। उन्होंने बताया कि बचावकर्मी जल्द से जल्द आग बुझाने की कोशिश में लगे हैं।



