
क्रिकेट केन्या ने की अफ्रीका T-10 लीग की घोषणा, जून 2023 में खेला जाएगा टूर्नामेंट का उद्घाटन सत्र
नैरोबी- 23 नवंबर। क्रिकेट केन्या,अपने लंबे समय से खोए हुए गौरव को बनाए रखने की राह पर है। नए नेतृत्व के तहत, क्रिकेट केन्या ने अब 2023 के मध्य से शुरू होने वाली मेगा टी10 लीग की घोषणा की है। अफ्रीका में अपनी तरह का पहले और विश्व स्तर पर दूसरे, इस लीग को अफ्रीका टी10 कहा जाएगा, जो जून 2023 में खेला जाएगा।
लीग में 6 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके बीच 34 मैच खेले जाएंगे। क्रिकेट केन्या ने लीग पार्टनर के रूप में पैसिफिक स्टार स्पोर्ट्स (टोयम स्पोर्ट्स लिमिटेड की एक समूह कंपनी) को शामिल किया है।
अफ्रीका टी10 में प्रत्येक प्लेइंग इलेवन में 1 एसोसिएट खिलाड़ी, 1 अफ्रीकी खिलाड़ी, 2 केन्याई खिलाड़ी और 7 अन्य वैश्विक खिलाड़ी रखने की योजना है। यह अफ्रीका की अपनी ग्लोबल टी10 लीग होगी।
इस साझेदारी पर टिप्पणी करते हुए, क्रिकेट केन्या के अध्यक्ष, मनोज पटेल ने कहा, “हम पैसिफिक स्टार स्पोर्ट्स के साथ साझेदारी में विशेष रूप से केन्या क्रिकेट और सामान्य रूप से अफ्रीकी क्रिकेट में एक वैश्विक लघु-प्रारूप, वार्षिक क्रिकेट लीग की अवधारणा को लेकर उत्साहित हैं। हम सभी वैश्विक टी 20 सितारों को इसका हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करने के लिए तत्पर हैं, जो संयुक्त अरब अमीरात के टी 10 लीग के बाद इस तरह का दूसरा लीग होगा।”
पैसिफिक स्टार स्पोर्ट्स के अली अकबर खान ने कहा, “अफ्रीका टी10 क्रिकेट और अफ्रीकी आतिथ्य का उत्सव होगा। हम केन्या में उच्च गुणवत्ता वाले क्रिकेट लाने के इरादे से विश्व स्तर पर सबसे रोमांचक टी10 क्रिकेट लाने के लिए तत्पर हैं। यह न केवल केन्याई क्रिकेटरों के लिए सीखने का एक शानदार अनुभव होगा, बल्कि स्थानीय प्रशंसकों के लिए सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय सितारों द्वारा संचालित ग्लोबल ऑडियंस के लिए एक फर्स्ट-हैंड एंटरटेनमेंट और एक बेहतरीन क्रिकेटिंग इवेंट भी होगा।”
पैसिफिक स्टार स्पोर्ट्स ने अपने रणनीतिक साझेदार आईटीडब्ल्यू कंसल्टिंग को अफ्रीका टी10 के लिए विशेष आधिकारिक वाणिज्यिक और रणनीतिक सलाहकार के रूप में शामिल किया है।



