
कोशी प्रमंडल के नये आयुक्त गोरखनाथ ने संभाला प्रभार
सहरसा- 06 मई। कोशी प्रमंडल के नये आयुक्त का प्रभार ग्रहण करने के पश्चात श्री गोरखनाथ ने आज आयुक्त कार्यालय में प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में कार्यो का निष्पादन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में उनका दायित्व होगा कि जनता का हक जनता को मिले। सरकार की योजनाओं को उसी रूप क्रियान्वित कराना है ताकि उसका लाभ समाज के कमजोर एवं वंचित वर्ग के लोगों को प्राप्त हो। शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर क्रियान्वयन एवं भू-विवादों को कम करना उनकी प्राथमिकता होगी। मुख्य सचिव, बिहार के निर्देश के आलोक में प्रमंडल के सभी पदाधिकारीगण क्षेत्रीय भ्रमण कर जन कल्याणकारी विकास योजनाओं का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएंगे। प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में प्रत्येक शुक्रवार को अपराह्न 4ः00 बजे आमजन से मिलकर उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास करेंगे।
गोरखनाथ प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में वे आज अपराह्न सहरसा पहुंचे। सहरसा परिसदन में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दी गई। इसके उपरांत आयुक्त कार्यालय पहुंचकर सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों से परिचय प्राप्त किया एवं उनके द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। उनके द्वारा समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप में आयुक्त कार्यालय के कार्याें के निष्पादन हेतु सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिया गया।
आयुक्त कार्यालय स्थित विभिन्न विभागों के कार्यालयों काआवलोकन किया एवं संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। जिलाधिकारी आनंद शर्मा आयुक्त कार्यालय पहुँचकर नए प्रमंडलीय आयुक्त से शिष्टाचार मुलाकात की। आयुक्त द्वारा सहरसा जिलाधिकारी से सहरसा जिला के संबंध में विभिन्न जानकारियां प्राप्त की। बाढ़ पूर्व तैयारियां, कृषि से संबंधित जानकारियां, खाद्य आपूर्ति, अन्य विकास योजनाओं सहित विभिन्न जानकारियों से जिलाधिकारी ने आयुक्त को अवगत कराया। विदित हो कि सरकार की अधिसूचना के आलोक में 2006 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्री गोरखनाथ का पदस्थापन पूर्णियां प्रमंडल के आयुक्त के रूप में किया गया है एवं कोशी प्रमंडल के आयुक्त का उन्हें अतिरिक्त प्रभार है। इसके पूर्व वे बिहार सरकार के स्वास्थ्य सचिव के रूप में पदस्थापित थे। इस अवसर पर आयुक्त के सचिव श्री सुनील कुमार, अपर समाहर्ता विनय कुमार मंडल,उप निदेशक जन-सम्पर्क दिलीप कुमार देव,उप निदेशक कल्याण, आयुक्त कार्यालय स्थित विभिन्न शाखाओं के प्रशाखा पदाधिकारी, सहायकगण अन्य उपस्थित थे।



