
बिहार
कोरोना गाईड लाईन के उल्लंघन के आरोप में मोतिहारी शहर के कई शाॅपिंग माॅल सील
मोतिहारी-07 जनवरी। कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए लगाये गये प्रतिबंध के बावजूद शहर में खुले शॉपिंग मॉल को सील कर दिया गया है।सदर एसडीएम सौरभ सुमन यादव ने बताया कि औचक जांच में कई शॉपिंग मॉल खुले हुए पाए गये। इसको लेकर शहर के कई शॉपिंग मॉल को सील कर दिया गया।
उन्होने बताया कि जिला प्रशासन के आदेश का उल्लंघन करते हुए शॉपिंग मॉल में खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ लगी रही। शहरी क्षेत्र के कई जगह शॉपिंग मॉल का हाफ शटर खोल धड़ल्ले से सामान की बिक्री होती रही। जबकि जिला प्रशासन के द्वारा कोरोना गाइड लाइन को लेकर 7 से 21 जनवरी तक आवश्यक सेवाएं छोड़कर कई बंदिशें लागू की गयी है। श्री यादव ने कहा कि कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए रिस्पांस टीम शहरी क्षेत्र में औचक जांच करेगी। और हर हाल मे कोरोना गाईड लाईन का पालन किया जायेगा।



