
कोरोना के नये वेरिएंट से घबराएं नहीं, दिल्ली सरकार की है पूरी तैयारी : केजरीवाल
नई दिल्ली-23 दिसंबर। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कोरोना के नये वेरिएंट ओमिक्रोन से घबराने की जरूरत नहीं है । दिल्ली सरकार संक्रमितों को घर तक दवा पहुंचाने की व्यवस्था कर रही है ।
केजरीवाल ने गुरुवार को एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि ओमिक्रोन बहुत तेजी से फैलता है लेकिन यह काफी माइल्ड है । सभी को अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ती है। ऐसे में दिल्ली सरकार घर पर ही इलाज की व्यवस्था कर रही है । केजरीवाल ने कहा कि अभी तो 60-70 हजार टेस्ट प्रतिदिन कराए जा रहे लेकिन आने वाले दिनों में यहां तीन लाख टेस्ट प्रतिदिन कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अगर राज्य में एक लाख केस प्रतिदिन भी आएं तब भी दिल्ली सरकार निपटने के लिए तैयार है । यहां ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं हैं। दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था और भंडारण भी है । उन्होंने दिल्ली की जनता से अनुरोध किया कि सभी कोरोना नियमों का पालन करें । सभी वैक्सीन लगवाएं, मास्क का उपयोग करें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें ।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में अब तक ओमिक्रॉन के 64 मरीज आ चुके हैं। हालांकि इसमें से 23 मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। आज मुख्यमंत्री ने कोमिक्रोन से निपटने के लिए अधिकारियों और संबंधित विभागों के साथ बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की।



