
कोरिया ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे किदांबी श्रीकांत
सुनचियोन- 08 अप्रैल। भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने कोरिया ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप 2022 के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
शुक्रवार को यहां पाल्मा स्टेडियम में खेले गए क्वार्टरफाइनल मुकाबले में श्रीकांत ने तीन गेम के मैच में दक्षिण कोरिया के सोन वान्हो को शिकस्त दी।
श्रीकांत ने क्वार्टर फाइनल मैच में वान्हो को 21-12 18-21 21-12 से हराया। यह मुकाबला 62 मिनट तक चला। सेमीफाइनल में श्रीकांत ता सामना जोनाटन क्रिस्टी और कुनलावुत विटिडसर्न के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।
स्थानीय खिलाड़ी सोन वान्हो ने मैच में अच्छी शुरूआत की और 2-0 की बढ़त ले ली। लेकिन दुनिया के 12वें नंबर के खिलाड़ी श्रीकांत ने लगातार पांच अंक हासिल कर 5-2 से बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद श्रीकांत ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और पहला गेम 21-12 से अपने नाम कर लिया।
हालांकि दूसरे गेम में वान्हो ने अच्छी वापसी की और श्रीकांत को कड़ी चुनौती दी। अंत में वान्हो ने 21-18 से दूसरा गेम अपने नाम कर लिया और 1-1 की बराबरी कर ली।
तीसरे गेम में श्रींकात ने वान्हों को कोई मौका नहीं दिया और गेम 21-12 से जीतकर गेम के साथ मैच भी अपने नाम किया और सेमीफाइनल में जगह बनाई।



