
केन्द्र सरकार ने दी 624 करोड़ की स्वीकृति, बेगूसराय को मिला एक और NH का तोहफा
बेगूसराय- 21 जनवरी। केन्द्र सरकार ने बिहार के बेगूसराय को एक और राष्ट्रीय उच्च पथ (एनएच) का तोहफा दिया है। इसके लिए शुक्रवार को सरकार ने छह सौ से करोड़ से अधिक की स्वीकृति दी गई है। यह एनएच-122 (बी) हाजीपुर से महनार होते हुए बेगूसराय के बछवाड़ा में एनएच-28 में मिल जाएगा। इस सड़क के बन जाने से बेगूसराय से पटना जाने का एक और वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा। स्वीकृति की जानकारी खुद केंद्रीय पथ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी है।
नितिन गडकरी ने कहा है कि बिहार के वैशाली, समस्तीपुर और बेगूसराय जिलों में एनएच-122 (भी) के हाजीपुर-महनार-बछवाड़ा खंड के पूर्व-निर्माण और महनार से बछवाड़ा खंड के दो लेन में सुधार के लिए छह सौ 24 करोड़ 43 लाख बजट के साथ स्वीकृति दी गई है। नितिन गडकरी द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से स्वीकृति की जानकारी मिलते ही हर ओर खुशी का माहौल है। जानकारी के अनुसार महनार से सूरो ढ़ाला तक करीब 42 किलोमीटर में 33 फीट चौड़ा सड़क हार्ड सीमेन्ट कंक्रीट से बनेगा, सेसेसे में पिचिंग से निर्माण होगा। सड़क का डीपीआर पिछले जून में ही फाइनल हो गया था, उसके बाद आज स्वीकृति मिली है तथा उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण कार्य भी शुरू हो जाएगा। केंद्रीय ग्रामीण मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने इसके लिए नितिन गडकरी का आभार जताया है।
सांसद प्रतिनिधि अमरेंद्र कुमार अमर ने बताया कि गिरिराज सिंह की पहल पर बड़े पैमाने पर महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया है। इस नए एनएच के बाद अब बेगूसराय को चिर प्रतिक्षित एक नया बाईपास मिलेगा। यह बाईपास बेगूसराय के चकिया के समीप थर्मल से गुप्ता-लखमीनिया बांध होते हुए एनएच-31 तक जुड़ेगी। चकिया से एनएच-31 लखमीनिया को जोड़ने वाली 35 किलोमीटर लंबी सड़क 63 करोड़ 48 लाख की लागत से बनेगी और निविदा के बाद एकरारनामा हो गया है। इसके अतिरिक्त खोदावंदपुर दुर्गा चौक एनएच-55 से गढ़पुरा तक, एनएच-31 से कटरमाला तक, चेरिया बरियारपुर से छौड़ाही तक सड़क बनेगी। इन सड़कों के लिए निविदा के बाद एकरारनामा हो चुका है, संबंधित एजेंसियां शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ करेगी।
अमरेंद्र कुमार अमर ने बताया कि बेगूसराय में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के लिए सांसद के द्वारा अनुशंसित सड़कों के अतिरिक्त अमृत महोत्सव में 70 किलोमीटर की सड़कें तथा इसके अतिरिक्त दस बड़ी सड़कों के मरम्मत एवं जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष राज किशोर सिंह ने भी नए एनएच के लिए राशि स्वीकृत होने तथा सांसद के द्वारा बेगूसराय को नए बायपास तथा महत्वपूर्ण प्रखंड को जोड़ने वाली सड़कों का निर्माण कराने के लिए आभार जताया है।



