
किसी को भी बिहार के साम्प्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने नहीं दिया जाएगा: लेसी सिंह
पटना- 06 सितंबर। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह ने मंगलवार को ‘‘कार्यकर्ताओं के दरबार में मंत्री’’ कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भाजपा के नेता भ्रम और अहंकार में जी रहे हैं, जबकि 2015 में जनता ने साबित कर दिया था कि वह क्या चाहती है। वर्ष 2005 से ही बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में और उनके चेहरे पर चुनाव हो रहा है। भाजपा के लोग स्वयं नीतीश कुमार की बड़ाई करते नहीं थकते थे और आज बौखलाहट में अनाप-शनाप बोल रहे हैं। बेदाग छवि वाले हमारे मुख्यमंत्री आज की तारीख में देश के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री हैं। 9 अगस्त को बिहार ने एक ऐतिहासिक फैसला लिया है और नीतीश कुमार देश भर के विपक्षी दलों को एकजुट करने में जरुर सफल होंगे।
उन्होंने सीमांचल में देश के गृह मंत्री अमित शाह के आने संबंधित एक सवाल पर कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी है। यहाँ सभी आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि यहां किसी को साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने नहीं दिया जाएगा। वो आ रहे हैं तो यहां के लोगों को बतावें कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने के मुद्दे पर उन्होंने क्या किया, सबको पक्का मकान देने के वायदे का क्या हुआ, पूर्णियां की चिरप्रतीक्षित मांग पूर्णियां हवाई अड्डा से यात्री विमान की शुरुआत कब होगी उनके अन्य वायदे का क्या हुआ?
अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान ने बताया कि अल्पसंख्यक छात्रों के लिए तीन छात्रावास बन चुके हैं और 9 अन्य छात्रावासों का निर्माण कार्य बहुत जल्द प्रारम्भ होने जा रहा है। यूपी के तर्ज पर बिहार में भी सभी मदरसों की जांच कराए जाने संबंधी भाजपा की मांग पर पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए कहा उन्होंने कहा कि यहां इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। हां, अगर कहीं किसी गडबडी की जानकारी सामने आएगी तो उसको बख्सा नहीं जाएगा। जो व्यक्ति गलत है वो गलत है, किसी एक की गलती के लिए पुरा समुदाय दोषी नहीं हो सकता। भाजपा विकास की बात करने की बजाये लड़वाने की बात करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मर्यादित भाषा का प्रयोग करें, अनर्गल बयानबाजी से कोई बड़ा नहीं हो जाता जब तक भाजपा के लोग हमारे साथ थे तब तक बिहार में सब कुछ ठीक-ठाक था और अब जब उनके हाथ से सत्ता निकल गयी तो सब गडबड हो गया। हमारे मुख्यमंत्री के विकास कार्य और प्रदेश की उन्नति के लिए उनके त्याग व समर्पण का कोई जोड़ देश में नहीं है।मौके पर मुख्यालय प्रभारी उपाध्यक्ष डाॅ नवीन आर्या चंद्रवंशी एवं प्रदेश महासचिव अरुण कुमार सिंह भी मौजूद रहे।



