
किसानों के मुद्दों को लेकर सदन में विपक्ष का हंगामा
पटना- 2 दिसंबर। बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन गुरुवार को सदन में काफी गहमागहमी रही। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों राजद, वामदलों और कांग्रेस ने प्रश्नोत्तर काल में किसानों के मुद्दों को लेकर हंगामा किया। साथ ही एपीएमसी एक्ट लागू करने और सरकार की ओर से किसानों के हितों में अन्य फैसले करने की मांग को लेकर सदन में प्रदर्शन करने लगे।
विपक्ष की तरफ से आज इस मुद्दे पर सदन में कार्य स्थगन का प्रस्ताव दिया गया था। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही पहले राजद विधायक खड़े हो गए और उन्होंने कार्य स्थगन प्रस्ताव की सूचना पढ़ने की मांग की। इसके बाद वाम दल और कांग्रेस के विधायक भी अपनी-अपनी जगह पर खड़े हो गये और राजद की मांग के समर्थन में जमकर हंगामा किया। इस बीच बार-बार अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा सभी को शांत होकर बात करने का आग्रह करते रहे लेकिन विपक्ष सुनने को तैयारी नहीं था। बाद में काफी समझाने के बाद विपक्ष शांत हुआ और इसके बाद प्रश्नोत्तर काल की कार्यवाही जाकर शुरू हो पाई।



